सोशल मीडिया पर एक वीडियो लोगों का ध्यान खींच रहा है, जिसमें एक नानी Blinkit ऐप से ऑनलाइन ग्रॉसरी मंगाना सीखती नजर आ रही हैं. वीडियो की खास बात यह है कि वह सिर्फ फोन पर तरीका समझने के बजाय हर चरण अपनी कॉपी में लिखती जाती हैं.

वीडियो में डिजिटल क्रिएटर सान्या हुसैन अपनी नानी को Blinkit ऐप इस्तेमाल करना समझाती दिखती हैं. शुरुआत में ऐप खोलने के बाद सामान खोजने का तरीका बताया जाता है. नानी को सर्च बार में चीजों का नाम लिखकर खोजने के साथ-साथ माइक्रोफोन से बोलकर सामान ढूंढने का विकल्प भी समझाया जाता है.

इसके बाद वह अपनी जरूरत का सामान चुनती हैं और उसे कार्ट में जोड़ने की प्रक्रिया सीखती हैं. ऑर्डर से जुड़ी जानकारी देखते समय उनकी नजर डिलीवरी के अनुमानित समय पर जाती है. उन्होंने ‘15 मिनट में आ रहा है’ वाली जानकारी भी अपनी कॉपी में लिख ली. इस पर उन्हें बताया जाता है कि डिलीवरी का समय हर ऑर्डर के हिसाब से अलग हो सकता है.

ऑर्डर सफलतापूर्वक प्लेस होने के बाद जब सामान घर पहुंचता है, तो नानी के चेहरे पर खुशी दिखाई देती है. वह अपनी पोती को यह तरीका सिखाने के लिए धन्यवाद भी देती हैं.

वीडियो में नानी का नोट्स बनाना सोशल मीडिया यूजर्स को खास तौर पर पसंद आया. कुछ लोगों ने उन्हें ‘टॉपर नानी’ कहा, जबकि कुछ ने मजाक में लिखा कि अब Blinkit को अपना यूजर इंटरफेस नहीं बदलना चाहिए, क्योंकि नानी ने उसके नोट्स बना लिए हैं.

वीडियो पर Blinkit के आधिकारिक अकाउंट से भी प्रतिक्रिया आई. कंपनी ने नानी को ‘11/10 स्टूडेंट’ कहा. यह वीडियो दिखाता है कि नई डिजिटल सेवाएं सीखने की कोई तय उम्र नहीं होती—जरूरत है धैर्य और सीखने की इच्छा की.