नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2001 से लगातार सरकार के प्रमुख पद पर रहने के 25 वर्ष पूरे होने पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, केंद्रीय मंत्रियों, एनडीए सहयोगियों और कई देशों के नेताओं ने उन्हें बधाई दी. नेताओं ने मोदी के कार्यकाल को जनकल्याण, विकास और भारत की वैश्विक भूमिका से जोड़ते हुए उनके नेतृत्व की प्रशंसा की.
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि यह महत्वपूर्ण उपलब्धि लोगों के कल्याण और भारत की प्रगति के प्रति मोदी की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती है. उन्होंने कहा कि हाल के वर्षों में देश में हुआ बदलाव लोगों के जीवन में दिखाई देता है.
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मोदी की 2001 से अब तक की यात्रा को सेवा, संघर्ष और समर्पण से जुड़ा बताया. उनके अनुसार, मोदी का राजनीतिक जीवन गरीबों के कल्याण, महिला सशक्तीकरण और समाज के हर वर्ग की समृद्धि पर केंद्रित रहा है. शाह ने कहा कि जनोन्मुखी नीतियों और निर्णायक नेतृत्व ने राजनीति में प्रदर्शन आधारित मॉडल स्थापित किया.
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री और भाजपा के प्रमुख सहयोगी एन. चंद्रबाबू नायडू ने मोदी की दूरदृष्टि, ईमानदारी, अनुशासन और योजनाओं को लागू करने की क्षमता की सराहना की. शिवसेना नेता श्रीकांत शिंदे ने 25 वर्षों को परिवर्तनकारी नेतृत्व का प्रेरक अध्याय बताया.
जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची ने भारत के विकास और वैश्विक प्रतिष्ठा को आगे बढ़ाने में मोदी के योगदान की प्रशंसा की. भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग टोबगे ने मोदी को ‘अपने समय का अवतार’ बताते हुए कहा कि उन्होंने भारतीयों में अपने और अपने देश के प्रति मजबूत विश्वास जगाया.
बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर, डोमिनिका के प्रधानमंत्री रूजवेल्ट स्केरिट और नाइजीरिया के राष्ट्रपति बोला अहमद टीनूबू ने भी बधाई संदेश भेजे.
