नासिक के गंगापुर रोड पर सड़क डिवाइडर में लगे 55 पेड़ों को कथित तौर पर विज्ञापन होर्डिंग्स को साफ दिखाने के लिए काटे जाने के मामले में पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में एक निजी विज्ञापन एजेंसी के निदेशक मच्छिंद्र देशमुख और अभिमन्यु खैरनार समेत चार अन्य लोग शामिल हैं. अदालत ने सभी आरोपियों को पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है.

पुलिस के मुताबिक, जेहान सर्कल और बेंडकुले नगर के बीच डिवाइडर पर लगे ये पेड़ 8 से 12 साल पुराने थे. इन्हें सड़क पर छाया और हरियाली बनाए रखने के लिए लगाया गया था. शुरुआती जांच में सामने आया है कि पेड़ स्ट्रीट लाइट पर लगे डबल विज्ञापन होर्डिंग्स और सड़क से गुजरने वाले वाहन चालकों के बीच आ रहे थे. आरोप है कि होर्डिंग्स को दिखाई देने योग्य बनाने के लिए इन्हें हटाने का फैसला किया गया.

जांच में यह भी आरोप सामने आया है कि पेड़ काटने के लिए अभिमन्यु खैरनार को 10 हजार रुपये दिए गए. पुलिस के अनुसार, कटाई 30 अगस्त को रात करीब 2 बजे से सुबह 3:45 बजे के बीच की गई. शिकायतकर्ता श्रीकांत इरनाक की शिकायत पर गंगापुर पुलिस थाने में FIR दर्ज की गई है.

कई धाराओं में मामला दर्ज

आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता के साथ महाराष्ट्र (अर्बन एरिया) प्रोटेक्शन एंड प्रिजर्वेशन ऑफ ट्रीज एक्ट, 2021 की धारा 21-1, पर्यावरण संरक्षण अधिनियम की धारा 15 और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान से जुड़े कानून की धारा 3 के तहत केस दर्ज किया गया है.

DCP मोनिका राउत के अनुसार, नासिक म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन की ओर से लगाए गए 50 से अधिक पेड़ों को काटे जाने की शिकायत मिली थी. पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कटाई का निर्देश किसने दिया और इसमें अन्य कौन लोग शामिल थे. मामले में जांच जारी है.