Natco Pharma Ltd ने अमेरिका स्थित बायोटेक्नोलॉजी कंपनी eGenesis Inc में प्रस्तावित निवेश बढ़ाने का निर्णय लिया है. कंपनी के अनुसार, निवेश राशि पहले घोषित 1.4 करोड़ डॉलर से बढ़कर 1.67 करोड़ डॉलर यानी करीब 139 करोड़ रुपये हो जाएगी.
नियामकीय फाइलिंग के मुताबिक, संशोधित ढांचे के तहत Natco Pharma (Canada) Inc 1.37 करोड़ डॉलर का निवेश करेगी, जबकि Natco Pharma USA LLC की हिस्सेदारी 30 लाख डॉलर होगी.
यह लेनदेन नकद भुगतान के जरिए 8 प्रतिशत वार्षिक चक्रवृद्धि ब्याज वाले convertible promissory notes खरीदने से जुड़ा है. कंपनी ने बताया कि लेनदेन पूरा होने के समय अतिरिक्त शेयरों का अधिग्रहण नहीं किया जाएगा. इसके 31 अक्टूबर तक पूरा होने की उम्मीद है.
Natco Pharma ने 2024 में Natco Pharma (Canada) Inc के जरिए eGenesis में 80 लाख डॉलर का निवेश किया था. प्रस्तावित नया निवेश पूरा होने के बाद eGenesis में दवा कंपनी का कुल निवेश 2.47 करोड़ डॉलर हो जाएगा.
कंपनी ने कहा कि इस निवेश का उद्देश्य गंभीर और ऐसी चिकित्सकीय जरूरतों से जुड़े नए उपचार कार्यक्रमों को समर्थन देना है, जिनका मौजूदा उपचारों से पर्याप्त समाधान नहीं हो पाता.
