केंद्र सरकार ने 2022 में घोषित नेशनल डिजिटल यूनिवर्सिटी योजना को बंद कर दिया है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, शिक्षा मंत्रालय की इस महत्वाकांक्षी योजना की जगह इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) के तहत राष्ट्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (NIELIT) का अलग डिजिटल मॉडल सामने आया है.
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने वित्त वर्ष 2022-23 के बजट भाषण में नेशनल डिजिटल यूनिवर्सिटी की घोषणा की थी. इसका उद्देश्य क्षेत्रीय भाषाओं में व्यक्तिगत शिक्षण उपलब्ध कराना और केंद्रीय विश्वविद्यालयों के साथ मिलकर डिजिटल शिक्षा का बुनियादी ढांचा तैयार करना था.
सरकारी दस्तावेजों के मुताबिक, NIELIT ने अक्टूबर 2025 में NIELIT Digital University प्लेटफॉर्म शुरू किया. इसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सुरक्षा, क्लाउड कंप्यूटिंग, सेमीकंडक्टर और Industry 4.0 जैसे क्षेत्रों में ऑनलाइन और blended skill-based courses उपलब्ध हैं. प्लेटफॉर्म पर virtual labs और Academic Bank of Credits में क्रेडिट ट्रांसफर की सुविधा भी दी गई है.
NIELIT के अनुसार, प्लेटफॉर्म पर 100 से अधिक पाठ्यक्रम हैं और इन्हें देशभर के 56 केंद्रों के नेटवर्क के जरिए संचालित किया जा रहा है. सरकारी उत्तर में यह भी बताया गया है कि शिक्षा मंत्रालय का SWAYAM Plus प्लेटफॉर्म फरवरी 2024 से उद्योग-केंद्रित पाठ्यक्रम उपलब्ध करा रहा है.
