NCERT की नई कक्षा 9 की सामाजिक विज्ञान पाठ्यपुस्तक में भारतीय इतिहास में युद्ध, आक्रमण और प्रतिरोध का विवरण दिया गया है. ‘Understanding Society: India and Beyond-Part 2’ नाम की इस किताब के ‘Resistance and Resilience’ अध्याय में सातवीं सदी के बाद भारतीय उपमहाद्वीप में हुए लगातार आक्रमणों का उल्लेख है.

अध्याय के अनुसार, कई राजा और राजकुमार युद्ध के समय देवी-पूजा की परंपरा से जुड़े थे. इसमें कहा गया है कि कुछ शासकों को काली, दुर्गा और भवानी जैसी देवियों से तलवार मिलने की मान्यता रही है. किताब में इन प्रसंगों को ऐतिहासिक दावों के बजाय पारंपरिक मान्यताओं के रूप में प्रस्तुत किया गया है.

पाठ में बस्तर के शासक अन्नमरजा के बारे में लिखा है कि उन्हें माणिक्यदेवी यानी दंतेश्वरी से तलवार मिलने की मान्यता है. इसी तरह, विजयनगर के कुमार कम्पण के बारे में कहा गया है कि उन्होंने मदुरै की सल्तनत की सेनाओं के खिलाफ देवी से मिली तलवार का इस्तेमाल किया था. छत्रपति शिवाजी के बारे में भी तुलजा भवानी से तलवार प्राप्त करने की पारंपरिक मान्यता का उल्लेख किया गया है.

अध्याय में आक्रमणों को क्षेत्रीय विस्तार और धार्मिक उद्देश्यों से प्रेरित बताया गया है. इसमें अरब, तुर्क, मुगल और यूरोपीय शक्तियों के खिलाफ भारतीय शासकों और समुदायों के प्रतिरोध का भी वर्णन किया गया है. मुगल शासन के दौरान सिख गुरुओं पर हुए अत्याचारों को भी अध्याय में ऐतिहासिक संदर्भ के साथ शामिल किया गया है.

NCERT प्रमुख दिनेश सकलानी ने कहा कि माध्यमिक स्तर पर सामाजिक विज्ञान की पढ़ाई का उद्देश्य विश्लेषणात्मक और तर्कपूर्ण क्षमताओं का विकास, आलोचनात्मक पड़ताल तथा अंतर-सांस्कृतिक समझ को बढ़ावा देना है. किताब का पहला भाग जून में जारी किया गया था.