NCERT की कक्षा 9 की सामाजिक विज्ञान की पाठ्यपुस्तक ‘Understanding Society: India and Beyond’ में शासन, व्यक्तिगत वित्त और उद्यमिता से जुड़े विषयों को शामिल किया गया है. किताब में ऐतिहासिक परंपराओं, सरकारी नीतियों और भारतीय कारोबारी संस्थानों के उदाहरणों के जरिए यह समझाने की कोशिश की गई है कि नागरिक, संस्थाएं और व्यवसाय देश के विकास में कैसे योगदान देते हैं.

सुशासन और सार्वजनिक नीति

‘Governance and Public Policy’ अध्याय में भारत के राष्ट्रीय आदर्श वाक्य ‘सत्यमेव जयते’ और सुप्रीम कोर्ट के आदर्श वाक्य ‘यतो धर्मस्ततो जयः’ का उल्लेख किया गया है. अध्याय में सेंगोल का चोल राजवंश से संबंध और 2023 में नए संसद भवन में उसकी स्थापना भी बताई गई है.

किताब में बरगद के पेड़ के उदाहरण से सुशासन के सात सिद्धांत समझाए गए हैं. इनमें भागीदारी, कानून का शासन, जवाबदेही, प्रभावशीलता, समावेशिता, उत्तरदायित्व और पारदर्शिता शामिल हैं. राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 को परामर्श, विशेषज्ञ राय और जनभागीदारी पर आधारित नीति-निर्माण के उदाहरण के तौर पर प्रस्तुत किया गया है. खेलों के संदर्भ में ‘खेलो भारत नीति 2025’ को केंद्र से लेकर राज्य सरकारों, स्थानीय निकायों, खेल संस्थाओं, निजी संगठनों और नागरिकों तक लागू होने वाली व्यवस्था के रूप में समझाया गया है.

आयकर और वित्तीय जिम्मेदारी

‘Managing Your Personal Finances’ अध्याय में नई कर व्यवस्था के तहत व्यक्तिगत आयकर की गणना समझाने के लिए टैक्स स्लैब और उदाहरण दिए गए हैं. किताब समय पर और ईमानदारी से कर चुकाने को नागरिक जिम्मेदारी बताती है. इसमें यह भी बताया गया है कि कर राजस्व सार्वजनिक सेवाओं और राष्ट्रीय विकास में मदद करता है.

आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (AB PM-JAY) का इस्तेमाल कम आय वाले पात्र परिवारों को स्वास्थ्य खर्च से वित्तीय सुरक्षा देने वाले बीमा उदाहरण के रूप में किया गया है.

लिज्जत पापड़ से स्टार्टअप तक

‘From Ideas to Startups’ अध्याय में श्री महिला गृह उद्योग लिज्जत पापड़ का उदाहरण दिया गया है. किताब के अनुसार, मुंबई में 1959 में सात गृहिणियों ने 80 रुपये से इसकी शुरुआत की थी. 2023 तक इसके 45,000 से अधिक सदस्य और 1,600 करोड़ रुपये का सालाना कारोबार बताया गया है.

अध्याय में मोहन सिंह ओबेरॉय की कारोबारी यात्रा और तमिलनाडु के चेट्टियार समुदाय के व्यापारिक नेटवर्क का भी उल्लेख है. आगे भारत के 120 से अधिक यूनिकॉर्न, ई-कॉमर्स, फिनटेक, हेल्थकेयर और एग्रीटेक जैसे क्षेत्रों को उद्यमिता से जोड़ा गया है. किताब के अनुसार, कारोबार रोजगार, नवाचार, कर राजस्व और जीवन-स्तर में सुधार में योगदान दे सकते हैं.