NCP (शरद पवार गुट) की सांसद सुप्रिया सुले ने कहा है कि उनकी पार्टी लोकसभा सीटों की संख्या 50 प्रतिशत बढ़ाने के प्रस्ताव का समर्थन करने के लिए तैयार है. उन्होंने साथ ही सभी राज्यों में सीटों की समान अनुपात में वृद्धि और महिला आरक्षण लागू करने की मांग रखी है.
सुले के अनुसार, भाजपा ने परिसीमन विधेयक पर चर्चा के लिए विपक्षी नेताओं की बैठक बुलाई थी. बैठक में सभी राज्यों में लोकसभा सीटों की संख्या 50 प्रतिशत बढ़ाने का प्रस्ताव रखा गया. हालांकि, NCP-SP ने अभी इस पर समर्थन का औपचारिक फैसला नहीं लिया है. सुले ने कहा कि पार्टी को प्रस्तावित विधेयक की आधिकारिक प्रति भी अभी नहीं मिली है.
उन्होंने बताया कि NCP-SP इस मुद्दे पर INDIA गठबंधन के सहयोगी दलों से चर्चा करना चाहती है. सुले के मुताबिक, यदि सभी दल प्रस्ताव पर सहमत होते हैं, तो उनकी पार्टी समर्थन देने के लिए तैयार होगी. उन्होंने कहा कि परिसीमन और महिला आरक्षण, दोनों विधेयकों को व्यापक राजनीतिक सहमति के साथ आगे बढ़ाया जाना चाहिए.
बारामती लोकसभा क्षेत्र का उदाहरण
सुले ने अपने बारामती लोकसभा क्षेत्र का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां मतदाताओं की संख्या पहले करीब 10-12 लाख थी, जो अब लगभग 20-22 लाख हो गई है. इतने बड़े क्षेत्र के हर गांव और इलाके तक पहुंचना सांसदों के लिए कठिन हो गया है.
उन्होंने यह भी कहा कि सांसद निधि के 5 करोड़ रुपये से हर क्षेत्र की जरूरतें पूरी करना संभव नहीं है. उनके अनुसार, छोटे लोकसभा क्षेत्रों से जनप्रतिनिधियों के लिए मतदाताओं तक पहुंचना और प्रशासनिक व विकास कार्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाना आसान हो सकता है.
