राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने ऐप-आधारित और डिजिटल परिवहन सेवाओं में महिला यात्रियों की सुरक्षा बढ़ाने के लिए राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को दिशानिर्देश जारी किए हैं. आयोग ने मुख्य सचिवों से इन उपायों के कार्यान्वयन के लिए उचित कदम उठाने का अनुरोध किया है.
दिशानिर्देशों में ऐप पर दिखाए गए ड्राइवर और वाहन का यात्री को उपलब्ध कराए गए ड्राइवर और वाहन से मिलान अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है. ड्राइवर या वाहन में किसी भी अनधिकृत बदलाव को ऐप पर स्पष्ट रूप से चिह्नित करने और उसे सुरक्षा संबंधी चिंता मानने को कहा गया है. पहचान में गड़बड़ी होने पर यात्री को बिना किसी शुल्क के यात्रा रद्द करने की सुविधा देने की भी बात कही गई है.
आयोग ने ड्राइवरों की आपराधिक पृष्ठभूमि, पुलिस सत्यापन और अन्य बैकग्राउंड जांच पूरी होने के बाद ही उन्हें सेवा से जोड़ने की सिफारिश की है. देर रात सेवाएं देने वाले ड्राइवरों की अतिरिक्त निगरानी, यात्रा शुरू होने पर अनिवार्य फोटो सत्यापन और नशे की हालत में ड्राइविंग से निपटने के उपाय भी दिशानिर्देशों में शामिल हैं.
हर कैब में SOS बटन उपलब्ध कराने और उसे कमांड-एंड-कंट्रोल सेंटर से जोड़ने का सुझाव दिया गया है. मार्ग से हटने या संदिग्ध स्थान पर वाहन रुकने की स्थिति में रियल-टाइम अलर्ट की व्यवस्था करने को भी कहा गया है. यात्रा के अंत में सुरक्षित ड्रॉप विकल्प देने पर भी जोर है.
NCW ने एग्रीगेटर्स से सत्यापित महिला ड्राइवरों का पूल बनाने का प्रयास करने को कहा है, ताकि अकेले यात्रा करने वाली महिलाएं ऐप के जरिए महिला ड्राइवर का विकल्प चुन सकें. ड्राइवर के दुर्व्यवहार, उत्पीड़न, हमले, मार्ग बदलने, अनधिकृत बदलाव और आपातकालीन प्रतिक्रिया में विफलता से जुड़ी शिकायतों के लिए समयबद्ध व्यवस्था बनाने की सिफारिश की गई है. दिशानिर्देशों में Justice J.S. Verma Committee Report, 2013 और सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के Motor Vehicle Aggregator Guidelines, 2025 का भी संदर्भ दिया गया है.
