नेशनल डिफेंस एकेडमी (NDA) के 151वें कोर्स के 365 कैडेट्स ने प्रशिक्षण पूरा कर लिया है. इनमें 12 कैडेट्स मित्र देशों से हैं. पासिंग आउट परेड से एक दिन पहले आयोजित डिनर कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कैडेट्स और उनके माता-पिता से मुलाकात की.

राजनाथ सिंह ने कहा कि NDA से पास होने वाले कैडेट्स देश की सुरक्षा ढाल हैं. उनके मुताबिक कैडेट्स की ताकत, अनुशासन और समर्पण देश की सीमाओं के साथ स्कूलों, अस्पतालों और दूसरे संस्थानों की सुरक्षा में भी योगदान देगा.

पहली बार दो महिला कैडेट्स स्ट्रीम टॉपर

इस कोर्स में पहली बार दो महिला कैडेट्स ने अपनी-अपनी स्ट्रीम में पहला स्थान हासिल किया है. राजस्थान के चित्तौड़गढ़ की गार्गी पालीवाल ने कंप्यूटर साइंस स्ट्रीम में टॉप किया, जबकि दिव्या गोदारा आर्ट्स स्ट्रीम में प्रथम रहीं. NDA में महिला कैडेट्स को पहली बार 2022 में प्रवेश मिला था.

गार्गी पालीवाल को चीफ ऑफ द नेवल स्टाफ ट्रॉफी और कमांडेंट सिल्वर मेडल दिया जाएगा. दिव्या गोदारा को चीफ ऑफ द एयर स्टाफ ट्रॉफी और कमांडेंट सिल्वर मेडल मिलेगा.

साइंस स्ट्रीम में आयुष कुमार ने पहला स्थान हासिल किया. उन्हें चीफ ऑफ द आर्मी स्टाफ ट्रॉफी और कमांडेंट सिल्वर मेडल दिया जाएगा. BTech स्ट्रीम में पहले से छठे टर्म तक मेरिट में शीर्ष पर रहने वाले प्रशांत कुमार को CISC, मुख्यालय IDS ट्रॉफी और कमांडेंट सिल्वर मेडल मिलेगा.

माता-पिता के त्याग का किया उल्लेख

रक्षा मंत्री ने कहा कि कैडेट्स की सफलता में उनके माता-पिता का अनुशासन, मार्गदर्शन और त्याग महत्वपूर्ण है. उन्होंने सैन्य सेवा को केवल नौकरी नहीं, बल्कि बड़ी जिम्मेदारी बताया और कहा कि सैनिकों के परिवार भी समान रूप से त्याग करते हैं.

उन्होंने कहा कि 2047 तक भारत को विकसित और शक्तिशाली बनाने में युवा सैन्य अधिकारियों की अहम भूमिका होगी. गार्गी ने बताया कि शुरुआत में पढ़ाई और शारीरिक प्रशिक्षण कठिन लगा, लेकिन धीरे-धीरे उन्होंने खुद को संभाला. उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, सीनियर्स और इंस्ट्रक्टर्स को दिया.