नई दिल्ली में 22 और 23 अक्टूबर को NDTV World Summit 2026 का आयोजन होगा. इस वर्ष सम्मेलन की थीम ‘A World Between Orders’ रखी गई है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसमें मुख्य संबोधन देंगे.
समिट में वैश्विक नेता, नीति-निर्माता, राजनयिक, अर्थशास्त्री, कारोबारी, तकनीकी विशेषज्ञ और सांस्कृतिक क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधि शामिल होंगे. कार्यक्रम में बदलती वैश्विक व्यवस्था, भू-राजनीतिक समीकरण, वैश्विक अर्थव्यवस्था, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सुरक्षा और भारत की अंतरराष्ट्रीय भूमिका जैसे विषयों पर चर्चा प्रस्तावित है.
आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी का मुख्य संबोधन 22 अक्टूबर को ‘A World Between Orders’ विषय पर होगा. विदेश मंत्री एस. जयशंकर, RBI गवर्नर संजय मल्होत्रा, नेपाल के वित्त मंत्री डॉ. स्वर्णिम वाग्ले, पूर्व ब्रिटिश प्रधानमंत्री डेविड कैमरन और अमेरिकी सेना के पूर्व जनरल डेविड पेट्रियस समेत कई प्रमुख वक्ता सम्मेलन में भाग लेंगे.
समिट के सत्रों में AI और चेतना, वैश्विक पूंजी प्रवाह, व्यापार, डिजिटल अर्थव्यवस्था, युद्ध में तकनीक की भूमिका, ऊर्जा, यात्रा और भारत के बढ़ते वैश्विक प्रभाव पर भी विमर्श होगा.
