दिल्ली की फास्ट ट्रैक अदालत ने NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में 14 आरोपियों के खिलाफ औपचारिक रूप से आरोप तय कर दिए हैं. आरोपियों में नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) से जुड़े तीन विषय विशेषज्ञ भी शामिल हैं. राउज एवेन्यू कोर्ट में विशेष न्यायाधीश अजय गुप्ता के समक्ष पेश किए गए सभी आरोपियों ने खुद को निर्दोष बताया और मुकदमे का सामना करने की बात कही.

अदालत ने आरोपियों के खिलाफ आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात और भ्रष्टाचार समेत कई धाराओं के तहत आरोप तय किए हैं. मामले की दैनिक सुनवाई 25 नवंबर से शुरू होगी.

अदालत के आदेश में क्या कहा गया

18 नवंबर को जारी 206 पन्नों के आदेश में अदालत ने कहा था कि प्रथमदृष्टया आरोपियों के खिलाफ मुकदमा चलाने के लिए पर्याप्त सामग्री मौजूद है. अदालत के अनुसार, NTA की गोपनीय परीक्षा सामग्री कथित तौर पर गैरकानूनी तरीके से हासिल की गई, एक आरोपी से दूसरे तक पहुंचाई गई और परीक्षा से पहले उसका इस्तेमाल किया गया. अदालत ने इस पूरी प्रक्रिया को एक संगठित साजिश का हिस्सा माना है.

मामले में मनीषा गुरुुनाथ मंधारे, पीवी कुलकर्णी और मनीषा संजय हवालदार को NTA से जुड़े विषय विशेषज्ञ बताया गया है. मंधारे जीवविज्ञान, कुलकर्णी रसायन विज्ञान और हवालदार भौतिकी की विशेषज्ञ थीं. अदालत के अनुसार, इन तीनों पर परीक्षा सामग्री की गोपनीयता बनाए रखने की जिम्मेदारी थी और कथित तौर पर इन्हीं के जरिए प्रश्नपत्र अन्य आरोपियों तक पहुंचा.

आरोपपत्र के अनुसार, सामग्री धनेज लोखंडे, शुभम खैरनार, यश यादव, मंगलिलाल बिवाल, दिनेश बिवाल, विकास बिवाल और शेषराव बजरंग सूर्यवंशी समेत अन्य आरोपियों तक पहुंची. CBI ने पहले 13 आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया था और बाद में शेषराव सूर्यवंशी उर्फ राज सूर्यवंशी के खिलाफ पूरक आरोपपत्र दाखिल किया. वह महाराष्ट्र के नांदेड का निवासी बताया गया है और उसकी गिरफ्तारी 2 सितंबर को हुई थी.

NEET-UG 2026 परीक्षा 3 मई को हुई थी, जिसमें करीब 22 लाख उम्मीदवार शामिल हुए थे. पेपर लीक के आरोपों के बाद NTA ने 12 मई को परीक्षा रद्द कर दी थी और 21 जून को दोबारा परीक्षा आयोजित की गई थी. आरोप तय होना दोष सिद्धि नहीं है; मामले में अदालत आगे साक्ष्यों के आधार पर सुनवाई करेगी.