नई दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में NEET-UG पेपर लीक मामले में आरोप तय करने को लेकर मंगलवार को सुनवाई हुई. आरोपी प्रह्लाद विठ्ठलराव कुलकर्णी की ओर से पेश वकील हेमंत शाह ने कहा कि उनके मुवक्किल को पब्लिक सर्वेंट नहीं माना जा सकता, जैसा कि CBI ने आरोप लगाया है.

बचाव पक्ष के मुताबिक, किसी व्यक्ति को पब्लिक सर्वेंट घोषित करने के लिए कानून के तहत उसके पद से संबंधित अधिसूचना जरूरी है. वकील ने कहा कि नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) पब्लिक अथॉरिटी है और सार्वजनिक परीक्षाएं कराती है, लेकिन कुलकर्णी के पद को लेकर ऐसी कोई अधिसूचना रिकॉर्ड में नहीं है.

बचाव पक्ष ने आरोपों के आधार पर उठाए सवाल

कुलकर्णी के वकील ने CBI के इस आरोप पर भी सवाल उठाया कि उनके मुवक्किल समेत कुछ एक्सपर्ट्स को NEET प्रश्नपत्र तैयार करने का काम सौंपा गया था. उन्होंने दलील दी कि ऐसा काम सौंपे जाने का कोई आधार नहीं है. वकील के अनुसार, इस वजह से न तो भरोसा तोड़ने का मामला बनता है और न ही कोई अपराध साबित होता है.

बचाव पक्ष ने पेपर लीक और पैसों से जुड़े आरोपों को भी चुनौती दी. वकील ने कहा कि किसी छात्र को लीक हुआ प्रश्नपत्र दिए जाने का प्रमाण नहीं है और न ही किसी ने यह कहा है कि सवालों के बदले पैसे दिए गए. उन्होंने पैसों से संबंधित दावे को विवादित बताया.

वकील ने यह भी कहा कि कुलकर्णी का परीक्षा प्रश्नपत्र की छपाई से कोई संबंध नहीं था. CBI के आरोपों के मुताबिक, परीक्षा से पहले कुछ छात्रों ने कुलकर्णी के घर पर विशेष कक्षा की थी. बचाव पक्ष ने कहा कि रिकॉर्ड में छात्रों के उनके घर जाने का कोई सबूत नहीं है और MyGate में भी ऐसी कोई एंट्री दर्ज नहीं है.

NTA के साथ समझौते पर भी बहस

कुलकर्णी के वकील ने NTA के साथ हुए गोपनीयता प्रमाणपत्र को लेकर कहा कि यह केवल एक अंडरटेकिंग या कॉन्ट्रैक्ट है. उनके अनुसार, इस दस्तावेज से सिर्फ यह पता चलता है कि कोई काम किया गया था, इससे आपराधिक आरोप स्वतः साबित नहीं होते.

स्पेशल फास्ट ट्रैक कोर्ट के स्पेशल जज (CBI) अजय गुप्ता की अदालत 13 आरोपियों के खिलाफ आरोप तय करने के मुद्दे पर सुनवाई कर रही है. मंगलवार को प्रह्लाद कुलकर्णी, मनीषा मंधारे, तेजस हर्षद कुमार शाह, यश यादव, धनंजय लोखंडे और शुभम खैरनार की ओर से वकीलों ने दलीलें रखीं. धनंजय लोखंडे की ओर से अधिवक्ता विक्रम सिंह ने बहस की.

CBI इस मुद्दे पर अपनी दलीलें सोमवार को पूरी कर चुकी है. अगली सुनवाई में मंगीलाल बिवाल, दिनेश बिवाल और विकास बिवाल के वकीलों के दलीलें रखने की बात कही गई है. अदालत ने अभी आरोप तय करने पर अंतिम निर्णय नहीं दिया है.