नई दिल्ली: छात्र कार्यकर्ता नेहा बोरा की मंदिरों और पुजारियों को लेकर की गई टिप्पणी पर भाजपा ने कांग्रेस पर हमला बोला है. भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने बोरा के बयान को कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की पुरानी टिप्पणियों से जोड़ते हुए इसे सनातन धर्म के खिलाफ वैचारिक अभियान बताया.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) की कार्यकर्ता बोरा ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव के समर्थन के दौरान महिलाओं की सुरक्षा, जाति व्यवस्था और धार्मिक संस्थानों पर टिप्पणी की थी. उन्होंने कहा था कि महिलाओं को ‘ब्राह्मणवादी व्यवस्था’ से सुरक्षा की जरूरत है और मंदिरों में पुजारियों द्वारा दुष्कर्म के मामले सामने आए हैं.

भंडारी ने आरोप लगाया कि बोरा की भाषा कांग्रेस की कथित ‘हिंदू विरोधी’ राजनीति से मेल खाती है. उन्होंने राहुल गांधी की 2014 की उस टिप्पणी का भी संदर्भ दिया, जिसमें गांधी ने महिलाओं के खिलाफ यौन हिंसा पर मंदिर जाने वालों के व्यवहार को लेकर सवाल उठाया था.

बोरा की टिप्पणी पर सोशल मीडिया में आलोचना भी हुई. आलोचकों ने कहा कि यौन अपराधों के आरोपों पर कार्रवाई जरूरी है, लेकिन किसी पूरे समुदाय के बारे में व्यापक निष्कर्ष निकालना उचित नहीं है.