नेपाल में विनाशकारी फ्लैश फ्लड के बाद भारत ने विकसित देशों से जलवायु कार्रवाई में नेतृत्व करने और विकासशील देशों को वित्तीय सहायता व तकनीक मुहैया कराने की अपील दोहराई है. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि जलवायु परिवर्तन साझा चुनौती है और इससे निपटने की कार्रवाई ‘साझा लेकिन अलग-अलग जिम्मेदारियों और संबंधित क्षमताओं’ के सिद्धांत पर आधारित होनी चाहिए.

जायसवाल ने शुक्रवार को साप्ताहिक मीडिया ब्रीफिंग में कहा कि ऐतिहासिक रूप से उत्सर्जन के लिए जिम्मेदार विकसित देशों को उत्सर्जन में कमी लाने में आगे आना चाहिए. उनके मुताबिक, इन देशों को विकासशील देशों को जलवायु चुनौती से निपटने के लिए वित्त और तकनीक हस्तांतरण के जरिए समर्थन देना चाहिए.

भारत ने नेपाल के लिए समर्थन दोहराया

विदेश मंत्रालय ने नेपाल में आई बाढ़ के बाद भारत की एकजुटता और सहायता का भी उल्लेख किया. जायसवाल ने कहा कि भारत ने संकट के बाद नेपाल सरकार और वहां के लोगों के प्रति समर्थन जताया है और पुनर्निर्माण व राहत-बहाली के प्रयासों में मदद जारी रखेगा.

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आपदा के बाद नेपाल के प्रधानमंत्री से बात की थी और भरोसा दिलाया था कि भारत संकट की इस घड़ी में नेपाल के साथ खड़ा है. भारत ने जरूरत के मुताबिक हर संभव सहायता देने की बात कही है.

नेपाल ने मुआवजे की मांग से किया इनकार

जलवायु से जुड़े नुकसान के लिए भारत, चीन या अमेरिका जैसे देशों से मुआवजे की मांग किए जाने की चर्चाओं के बीच नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल ने स्पष्टीकरण दिया. समाचार एजेंसी मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, खनाल ने कहा कि न तो उन्होंने, न विदेश मंत्रालय ने और न ही नेपाल सरकार ने किसी देश से जलवायु संबंधी मुआवजा मांगा है.

उन्होंने कहा कि नेपाल की अपील का उद्देश्य वैश्विक समुदाय का ध्यान इस ओर दिलाना था कि देश में आई आपदा को जलवायु परिवर्तन और उसके प्रभावों के संदर्भ में देखा जाए. खनाल के मुताबिक, भारत, चीन और नेपाल एक साझा पर्यावरणीय पारिस्थितिकी तंत्र का हिस्सा हैं और हिमालयी क्षेत्र पर जलवायु परिवर्तन के असर से निपटने के लिए इन देशों को मिलकर काम करना चाहिए.

नेपाल ने यह भी रेखांकित किया कि चर्चा केवल एक बार मिलने वाली आपदा सहायता तक सीमित नहीं रहनी चाहिए. बढ़ते तापमान और जलवायु परिवर्तन के दीर्घकालिक प्रभावों से प्रभावित समुदायों की जरूरतों पर भी ध्यान देना होगा.