नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र ‘बालेन’ शाह दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर भारत पहुंचे हैं. नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में सोमवार को उनका औपचारिक स्वागत किया गया और उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इस अवसर पर उनके साथ मौजूद रहे.
शाह और मोदी के बीच आज प्रतिनिधिमंडल स्तर की द्विपक्षीय वार्ता प्रस्तावित है. बातचीत में भारत-नेपाल संबंधों के व्यापक पहलुओं के साथ कनेक्टिविटी, व्यापार, पारगमन, ऊर्जा, निवेश और बुनियादी ढांचे से जुड़े मुद्दों पर ध्यान रहने की उम्मीद है.
नेपाल के विदेश मंत्रालय के अनुसार, यात्रा के दौरान कई ऊर्जा सहयोग परियोजनाओं का उद्घाटन और नई परियोजनाओं की आधारशिला रखे जाने पर भी चर्चा होगी. शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, अंतरिक्ष, आपदा प्रबंधन और मानव संसाधन विकास से जुड़े कई समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान भी प्रस्तावित है.
इस यात्रा के दौरान भारत और नेपाल अयोध्या तथा जनकपुर के बीच चलने वाली ‘सरयू-कमला एक्सप्रेस’ को वर्चुअली रवाना करने वाले हैं. उत्तर प्रदेश सरकार के बयान के अनुसार, कार्यक्रम दिल्ली से आयोजित होगा, जबकि अयोध्या में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शामिल होने का कार्यक्रम है.
यह ट्रेन उत्तर प्रदेश के अयोध्या कैंट से नेपाल के जनकपुरधाम तक 604 किलोमीटर की दूरी करीब 19 घंटे में तय करेगी. यात्रियों को रास्ते में ट्रेन बदलने की जरूरत नहीं होगी. नियमित सेवा 28 नवंबर से शुरू होने का कार्यक्रम है. अयोध्या को भगवान राम की जन्मस्थली और जनकपुर को माता सीता की जन्मस्थली माना जाता है, इसलिए इस रेल संपर्क का धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व भी बताया गया है.
