केरल में राष्ट्रीय राजमार्ग 66 का कझाकूट्टम-करोडे हिस्सा लगातार हो रहे सड़क हादसों के कारण गंभीर चिंता का विषय बन गया है. अगस्त में इस मार्ग और इसके आसपास कई लोगों की जान गई. तेज रफ्तार, रात में खराब रोशनी, अधूरे निर्माण क्षेत्रों और प्रमुख जंक्शनों पर कमजोर ट्रैफिक नियंत्रण को हादसों की संभावित वजहों के तौर पर रेखांकित किया गया है.

ताजा घटना 29 अगस्त की है. 19 वर्षीय मोटरसाइकिल सवार मोहम्मद अजस की वझामुट्टम के थुप्पनाथु कावु बस स्टॉप के पास खड़ी KSRTC बस के पीछे मोटरसाइकिल टकराने से मौके पर मौत हो गई. इससे एक दिन पहले कंझिरमकुलम निवासी 40 वर्षीय एम.जे. रतीश कुमार की मौत उस समय हुई, जब नियंत्रण खो चुकी एक कार ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी.

अगस्त में कई घातक दुर्घटनाएं

16 अगस्त को 51 वर्षीय होटल कर्मचारी आर.वी. प्रदीप चंद्रन की मौत हुई. वह तड़के वझामुट्टम के पास स्कूटर से जा रहे थे, तभी तमिलनाडु नंबर वाली एक तेज रफ्तार कार ने पीछे से उन्हें टक्कर मार दी.

9 अगस्त को करिम्बुविला जंक्शन के पास सड़क पार करने की कोशिश कर रहीं दो बुजुर्ग बहनों, 62 वर्षीय शांतम्मा और 70 वर्षीय विजयम्मा, को तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने टक्कर मार दी. दोनों की मौत हो गई.

जुलाई में तिरुवल्लम के पास दो IT पेशेवरों, 25 वर्षीय नवीन सिबी और 25 वर्षीय मृदुला एन ओमन, की मौत हुई थी. पुलिस जांच के अनुसार, उनकी मोटरसाइकिल को एक तेज रफ्तार कार ने छूकर आगे बढ़ गई थी. इसके बाद चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया और मोटरसाइकिल डिवाइडर से जा टकराई.

मानवाधिकार आयोग ने मांगी जांच रिपोर्ट

हादसों में बढ़ोतरी के कारणों की जांच की मांग को लेकर रागम रहीम ने मानवाधिकार आयोग का रुख किया था. उनकी शिकायत पर आयोग के अध्यक्ष जस्टिस अलेक्जेंडर थॉमस ने शहर के पुलिस आयुक्त को मामले की जांच कर एक महीने के भीतर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है.

रहीम के अनुसार, नए बने हिस्सों पर वाहन तेज रफ्तार से चलते हैं, जबकि ईंचक्कल जैसे उन इलाकों में यातायात बेहद धीमा है जहां फ्लाईओवर का निर्माण जारी है. उनका कहना है कि इस असमान ट्रैफिक स्थिति से भी दुर्घटनाओं का जोखिम बढ़ रहा है. उन्होंने संवेदनशील हिस्सों में कैमरे और स्पीड डिटेक्टर लगाने की मांग की है, ताकि यातायात नियमों के उल्लंघन का पता लगाया जा सके.

निर्माण के बीच अधूरे सुरक्षा उपाय

स्थानीय निवासियों ने रात के समय तेज रफ्तार और यातायात उल्लंघनों पर निगरानी की कमी की ओर भी ध्यान दिलाया है. खराब स्ट्रीट लाइटिंग, अव्यवस्थित सर्विस रोड और वाहन चालकों के बीच तेज चलने की प्रतिस्पर्धा को भी हादसों से जुड़ा कारण बताया गया है.

राष्ट्रीय परिवहन योजना एवं अनुसंधान केंद्र यानी NATPAC के परिवहन योजना विभाग के वरिष्ठ प्रधान वैज्ञानिक एस. शाहीन ने कहा कि चार लेन का काम अभी जारी रहने के कारण मार्ग पर पूर्ण सड़क-सुरक्षा व्यवस्था लागू नहीं हो सकी है.

उनके मुताबिक, तिरुवल्लम समेत कई जंक्शनों पर ट्रैफिक का वैज्ञानिक तरीके से प्रबंधन नहीं हो रहा है. कुछ हिस्सों में वाहनों को दो दिशाओं में चलना पड़ता है, जिससे खतरा बढ़ता है. उन्होंने हादसों की पुनरावृत्ति को समझने के लिए विस्तृत विश्लेषण की जरूरत बताई है.