भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने हाई-स्पीड, एक्सेस-कंट्रोल्ड राष्ट्रीय राजमार्गों की योजना और डिजाइन के लिए नई व्यापक गाइडलाइन जारी की है. ये नियम एक्सप्रेसवे से अलग आगामी चार और छह लेन वाले ग्रीनफील्ड तथा ब्राउनफील्ड राष्ट्रीय राजमार्गों पर लागू होंगे.
गाइडलाइन का उद्देश्य परियोजनाओं की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार करने में एकरूपता लाना, सड़क सुरक्षा मजबूत करना और हाई-स्पीड कॉरिडोर पर यातायात संचालन बेहतर बनाना है. यातायात आकलन में मौजूदा और डायवर्ट होने वाले यातायात के साथ माल ढुलाई की संभावित वृद्धि को भी शामिल किया जाएगा. इसके लिए टोल डेटा और अन्य विश्वसनीय स्रोतों का इस्तेमाल किया जाएगा.
टोलिंग और निर्माण में तकनीक
NHAI ने हाई-स्पीड कॉरिडोर पर मल्टी-लेन फ्री फ्लो (MLFF) टोलिंग की दिशा में बढ़ने की बात कही है. इसके तहत वाहनों को टोल पॉइंट पर रोकने की जरूरत नहीं होगी और नई सड़कों के डिजाइन में इस व्यवस्था के लिए जरूरी प्रावधान किए जाएंगे.
निर्माण गुणवत्ता और निगरानी सुधारने के लिए Automated and Intelligent Machine-aided Construction तकनीक के इस्तेमाल का भी प्रावधान है. गाइडलाइन में बेहतर जल निकासी, भविष्य के यातायात की योजना और अधिक हरित कॉरिडोर विकसित करने पर भी जोर दिया गया है.
