भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने राष्ट्रीय राजमार्गों पर दुर्घटना और वाहन खराब होने की स्थिति में तुरंत मदद उपलब्ध कराने के लिए नई गाइडलाइन जारी की है. इसके तहत किसी भी हाईवे स्ट्रेच को यातायात के लिए खोलने से पहले Incident Management Services उपलब्ध करानी होंगी.

इन सेवाओं में एम्बुलेंस, पेट्रोलिंग वाहन और टो-अवे क्रेन शामिल हैं. आपातकालीन प्रतिक्रिया दल NHAI की 1033 National Highway Helpline से जुड़े होंगे और स्थानीय पुलिस, दमकल सेवाओं तथा अस्पतालों के साथ समन्वय करेंगे.

पहले से संचालित राष्ट्रीय राजमार्गों पर एम्बुलेंस टोल प्लाजा या दुर्घटना के आंकड़ों और संबंधित मार्ग की जरूरत के आधार पर उपयुक्त स्थानों पर तैनात की जाएंगी. NHAI के प्रबंधन वाले मार्गों पर एम्बुलेंस की व्यवस्था केंद्रीय एजेंसी के जरिए होगी, जबकि पेट्रोलिंग वाहन और टो क्रेन अलग-अलग टेंडर या हाईवे रखरखाव कार्यों के तहत उपलब्ध कराए जाएंगे.

उन मार्गों पर भी गाइडलाइन लागू होगी जहां टोल NHAI वसूलता है, लेकिन प्रबंधन किसी दूसरी एजेंसी के पास है. ऐसे मामलों में एम्बुलेंस की व्यवस्था NHAI संबंधित प्राधिकरण के साथ करेगा, जबकि पेट्रोलिंग वाहन और टो क्रेन की जिम्मेदारी संबंधित हाईवे प्राधिकरण की होगी.