नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) ने फ्लाईदुबई की उड़ान में भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छर पर हुए हमले की जांच शुरू कर दी है. एजेंसी ने मामले में एंटी-हाइजैकिंग एक्ट, 2016 की धारा 3 और गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम यानी UAPA की धाराओं के तहत FIR दर्ज की है.
30 सितंबर को दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाइट में सह-पायलट ने कॉकपिट के भीतर कैप्टन स्मित मच्छर पर चाकू से हमला किया था. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, हमले के दौरान विमान को नुकसान पहुंचाने या गिराने की कोशिश भी की गई. गंभीर चोटों के बावजूद भारतीय पायलट ने कॉकपिट का दरवाजा खोला, जिसके बाद यात्रियों और क्रू सदस्यों ने हस्तक्षेप किया.
NIA यह पता लगाएगी कि घटना के पीछे अकेले हमलावर की मंशा थी या कोई बड़ी साजिश काम कर रही थी. जांच में संभावित ‘लोन-वुल्फ’ आतंकी मंशा, कट्टरपंथी नेटवर्क, अन्य लोगों की भूमिका और हमले की तैयारी से जुड़े पहलुओं को शामिल किया जाएगा. एजेंसी यह भी देखेगी कि क्या घटना का भारत के खिलाफ संभावित हमले से कोई संबंध था.
विदेश में हुई घटना की जांच का आधार
राष्ट्रीय जांच एजेंसी अधिनियम, 2008 की धारा 1(2) और 2019 के संशोधन के तहत कुछ परिस्थितियों में विदेश में हुए अनुसूचित अपराधों की जांच संभव है. इसमें ऐसे मामले शामिल हो सकते हैं, जिनमें भारतीय नागरिक को निशाना बनाया गया हो या भारत के हित प्रभावित हुए हों. हालांकि, अपराध का NIA कानून की अनुसूची में शामिल होना भी जरूरी है.
कैप्टन स्मित मच्छर का दुबई में इलाज चल रहा है. इजराइल के राष्ट्रपति इसाक हर्जोग ने उन्हें नागरिक वीरता के राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है.
