नीरव मोदी से जुड़े पंजाब नेशनल बैंक (PNB) घोटाला मामले में वांछित आरोपी संदीप मिस्त्री को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से भारत लाया गया है. केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) के अनुसार, विदेश मंत्रालय और गृह मंत्रालय के समन्वय से उसका डिपोर्टेशन कराया गया. मिस्त्री 28 सितंबर की रात 11 बजकर 55 मिनट पर मुंबई पहुंचा, जिसके बाद सीबीआई ने उसे हिरासत में लेकर अदालत में पेश किया. अदालत ने उसे जेल भेज दिया.

मिस्त्री के खिलाफ जुलाई 2026 में इंटरपोल के जरिए रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया था. सीबीआई के मुताबिक, नोटिस के बाद यूएई के अधिकारियों ने उसकी लोकेशन का पता लगाया, उसे गिरफ्तार किया और डिपोर्टेशन की प्रक्रिया शुरू की. एजेंसी ने इस कार्रवाई को संबंधित भारतीय और विदेशी एजेंसियों के बीच अंतरराष्ट्रीय समन्वय का परिणाम बताया है.

जांच एजेंसी ने लगाए ये आरोप

सीबीआई की मुंबई स्थित बैंकिंग, प्रतिभूति और वित्तीय धोखाधड़ी शाखा ने इस मामले में केस दर्ज किया था. एजेंसी का आरोप है कि मिस्त्री अलग-अलग कंपनियों के बीच अहम कड़ी के रूप में काम करता था और उनके रोजमर्रा के संचालन पर नजर रखता था. जांच के अनुसार, सबूत छिपाने के लिए ऐसे मैसेजिंग प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल किया गया जिनके संदेश अपने आप डिलीट हो जाते थे.

सीबीआई ने यह भी आरोप लगाया है कि मिस्त्री ने हीरे, सोने और मोती के आभूषणों के फर्जी कारोबार को वास्तविक दिखाने के लिए नकली आयात-निर्यात दस्तावेज तैयार कराने में मदद की. उस पर विदेशी कंपनियों के नाममात्र निदेशकों पर दबाव डालने, उनसे दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराने और यूएई स्थित कथित फर्जी कंपनियों के बैंक खातों से धन निकालने में शामिल होने का आरोप है.

सीबीआई के मुताबिक, इस मामले में चार्जशीट पहले ही अदालत में दाखिल की जा चुकी है. मिस्त्री के खिलाफ लगाए गए आरोपों की पुष्टि अदालत में सुनवाई के दौरान होगी.