झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आदिवासी कार्यकर्ता निशा कुमारी भगत की मौत के मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) से जांच कराने के आदेश दिए हैं. मुख्यमंत्री ने मंगलवार को सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि निशा भगत मामले की जांच अब CBI करेगी और इसके आदेश जारी कर दिए गए हैं.

निशा कुमारी भगत की 6 नवंबर को कथित तौर पर आत्महत्या से मौत हुई थी. इससे पहले उन्होंने फेसबुक लाइव में झारखंड की झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) सरकार और जमीन दलालों पर परेशान करने का आरोप लगाया था. उनके माता-पिता ने मौत के पीछे साजिश की आशंका जताते हुए CBI जांच की मांग की थी.

पुलिस कार्रवाई और दर्ज FIR

पुलिस ने 7 नवंबर को निशा के पिता हांडू भगत की शिकायत के आधार पर ज्योत्सना केरकेट्टा और अजय तिर्की के खिलाफ FIR दर्ज की थी. रांची ग्रामीण SP गौरव गोस्वामी के मुताबिक, दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 और 61(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है. ये धाराएं आत्महत्या के लिए उकसाने और आपराधिक साजिश से संबंधित हैं.

पिठोरिया थाने के प्रभारी सतीश कुमार पांडे को पुलिस लाइन भेज दिया गया है. उनके खिलाफ भी साजिश के आरोप लगाए गए थे, हालांकि उपलब्ध जानकारी के अनुसार आरोपों को साबित करने के लिए अब तक कोई ठोस सबूत नहीं मिला है. पुलिस अधिकारी ने कहा कि वह जांच के दायरे में रहेंगे. मामले की जांच के लिए SIT भी गठित की गई थी.

राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग (NCST) ने मीडिया रिपोर्ट्स के आधार पर स्वत: संज्ञान लेते हुए झारखंड के मुख्य सचिव, DGP और रांची SSP से सात दिनों में जानकारी मांगी है. राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने भी 7 नवंबर को मामले का स्वत: संज्ञान लिया था और अधिकारियों से समयबद्ध जांच तथा कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट मांगी थी.