रांची में BJP की झारखंड प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के उद्घाटन सत्र में पार्टी अध्यक्ष नितिन नबीन ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने कभी संविधान का पालन नहीं किया और अपनी इच्छा के मुताबिक देश का शासन चलाया.

नितिन नबीन ने कहा कि आज देश में संवैधानिक संस्थाओं और लोकतंत्र को चुनौती देने की कोशिश हो रही है. उन्होंने आपातकाल और कई राज्यों में राष्ट्रपति शासन का उल्लेख करते हुए कांग्रेस पर लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने का आरोप लगाया.

BJP अध्यक्ष ने कांग्रेस पर देश में अराजकता पैदा करने की कोशिश का भी आरोप लगाया. उन्होंने दावा किया कि इस प्रयास को देश के भीतर के साथ-साथ विदेशी ताकतों का भी समर्थन मिल रहा है.

उन्होंने राहुल गांधी के संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाने की आलोचना की और कहा कि कांग्रेस के सत्ता में रहने के दौरान ऐसे सवाल नहीं उठाए गए. नितिन नबीन ने बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के बाद दावे-आपत्तियों और कथित ‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर भी कांग्रेस को घेरा.

झारखंड के तीन दिवसीय दौरे पर पहुंचे नबीन ने बैठक से पहले सभी जिला अध्यक्षों और प्रभारियों के साथ भी बैठक की.