बेंगलुरु स्थित नेशनल लॉ स्कूल ऑफ इंडिया यूनिवर्सिटी (NLSIU) ने जनवरी 2027 इंटेक के लिए तीन तरह की रिसर्च फेलोशिप के आवेदन शुरू किए हैं. इनमें ग्रेजुएट रिसर्च फेलोशिप, NLSIU पोस्टडॉक्टोरल फेलोशिप और यूनिवर्सिटी रिसर्च फेलोशिप शामिल हैं. इन फेलोशिप के तहत लॉ, सोशल साइंसेज, पब्लिक पॉलिसी और संबंधित विषयों में शोध के अवसर दिए जाएंगे.

इच्छुक उम्मीदवार 30 अक्टूबर को शाम 5 बजे तक आवेदन कर सकते हैं. आवेदन ऑनलाइन माध्यम से NLSIU की आधिकारिक वेबसाइट पर संबंधित फेलोशिप के लिए उपलब्ध फॉर्म के जरिए करना होगा. तीनों श्रेणियों को मिलाकर कुल 20 पद हैं. ग्रेजुएट रिसर्च फेलोशिप में 10, जबकि पोस्टडॉक्टोरल और यूनिवर्सिटी रिसर्च फेलोशिप में पांच-पांच पद शामिल हैं.

किस फेलोशिप के लिए कौन पात्र

ग्रेजुएट रिसर्च फेलोशिप के लिए लॉ में ग्रेजुएट डिग्री रखने वाले उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं. सोशल साइंसेज, पब्लिक पॉलिसी या संबंधित विषयों में पोस्टग्रेजुएट डिग्री वाले उम्मीदवार भी इस श्रेणी के लिए पात्र हैं.

पोस्टडॉक्टोरल फेलोशिप लॉ, सोशल साइंसेज, पब्लिक पॉलिसी या संबंधित विषयों में पीएचडी पूरी कर चुके शोधकर्ताओं के लिए है. उम्मीदवार ने आवेदन की तारीख से पिछले तीन वर्षों के भीतर पीएचडी पूरी की होनी चाहिए. इसके अलावा, उम्मीदवार ने इससे पहले किसी अन्य यूनिवर्सिटी में पोस्टडॉक्टोरल पद पर काम नहीं किया होना चाहिए.

यूनिवर्सिटी रिसर्च फेलोशिप अनुभवी शोधकर्ताओं के लिए है. इसके लिए मान्यता प्राप्त संस्थान से पीएचडी, कम से कम 10 वर्ष का शिक्षण या संबंधित पेशेवर अनुभव और मजबूत रिसर्च तथा पब्लिकेशन रिकॉर्ड जरूरी है.

कितनी मिलेगी मासिक फेलोशिप

ग्रेजुएट रिसर्च फेलोशिप के तहत शुरुआती रिम्यूनरेशन ₹50,000 प्रति माह है. NLSIU पोस्टडॉक्टोरल फेलोशिप में शुरुआती राशि ₹1,20,000 प्रति माह और यूनिवर्सिटी रिसर्च फेलोशिप में ₹2,00,000 प्रति माह निर्धारित की गई है.

यूनिवर्सिटी के अनुसार ये शुरुआती रिम्यूनरेशन हैं और हर चयनित उम्मीदवार को मिलने वाली अंतिम राशि समान होना जरूरी नहीं है. चयनित उम्मीदवारों को फेलोशिप अवधि के दौरान NLSIU के बेंगलुरु कैंपस में मौजूद रहना होगा. विशेष परिस्थितियों में कैंपस उपस्थिति को लेकर कुछ लचीलापन दिया जा सकता है, जिसका निर्णय प्रत्येक मामले की परिस्थितियों के आधार पर किया जाएगा.