राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) ने मेडिकल कॉलेजों के नियामकीय फैसलों के खिलाफ अपील दाखिल करने की फीस में बड़ा बदलाव किया है. 2026-27 शैक्षणिक वर्ष से जुड़े मामलों में सरकारी मेडिकल कॉलेजों को अब ₹1.77 लाख और निजी मेडिकल कॉलेजों व डीम्ड विश्वविद्यालयों को ₹3.54 लाख का शुल्क देना होगा. इन रकम में 18 प्रतिशत GST शामिल है.

पहले सरकारी और निजी समेत सभी संस्थानों के लिए अपील शुल्क एक समान ₹59,000 था. नई व्यवस्था में सरकारी संस्थानों के लिए शुल्क करीब तीन गुना और निजी व डीम्ड संस्थानों के लिए छह गुना हो गया है.

यह शुल्क NMC के मेडिकल असेसमेंट एंड रेटिंग बोर्ड (MARB), अंडरग्रेजुएट मेडिकल एजुकेशन बोर्ड (UGMEB) और पोस्टग्रेजुएट मेडिकल एजुकेशन बोर्ड (PGMEB) के फैसलों के खिलाफ दायर अपील पर लागू होगा.

NMC के सार्वजनिक नोटिस के अनुसार, संशोधित शुल्क राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग अधिनियम, 2019 की धाराओं 22(3), 28(5) और 35(5) के तहत दायर अपीलों तथा संबंधित नियमों के अंतर्गत आने वाले मामलों पर लागू होगा. आयोग ने कहा है कि पुरानी फीस की समीक्षा के बाद सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी से नई दरें तय की गई हैं.

सभी अपील संबंधित ऑनलाइन अपील मॉड्यूल के जरिए दाखिल करनी होंगी. आयोग ने संस्थानों को निर्देश दिया है कि आवेदन के साथ लागू शुल्क जमा करें. निर्धारित रकम के बिना दायर की गई अपील खारिज की जा सकती है.