सुप्रीम कोर्ट ने नोएडा के लंबे समय से लंबित फ्लैट आवंटन विवाद में पूर्व इलाहाबाद हाईकोर्ट जज जस्टिस सुधीर कुमार सक्सेना को एक सदस्यीय स्वतंत्र समिति नियुक्त किया है. समिति का काम उन सदस्यों और बाद में फ्लैट खरीदने वाले लोगों की पहचान करना है, जो बहुमंजिला फ्लैट पाने के पात्र हैं.
यह मामला केंद्रीय कर्मचारी सहकारी जीएन समिति से जुड़ा है. अदालत ने वर्ष 2022 में नोएडा को समिति के 844 पहचाने गए सदस्यों को फ्लैट आवंटित करने का निर्देश दिया था. साथ ही 133 बाद के खरीदारों के दावों की जांच करने को कहा गया था.
बाद की कार्यवाही में मूल सदस्यों की संख्या 863 और बाद के खरीदारों की संख्या 120 बताए जाने से विवाद बना रहा. नोएडा ने बाद के खरीदारों को मान्यता देने का विरोध किया, जबकि समिति ने कहा कि हस्तांतरण आवेदनों पर प्राधिकरण ने कार्रवाई नहीं की और मूल आवंटियों को जारी रिफंड चेक भुनाए नहीं गए.
सुप्रीम कोर्ट ने जस्टिस सक्सेना को प्रक्रिया तय करने, रिकॉर्ड देखने और संबंधित दावेदारों की सुनवाई करने की स्वतंत्रता दी है. नोएडा, समिति और सभी दावेदारों को सहयोग का निर्देश दिया गया है. समिति को आठ सप्ताह में रिपोर्ट देनी होगी. मामले की अगली सुनवाई 2 दिसंबर को होगी.
