नोएडा के सर्फाबाद इलाके में धार्मिक अनुष्ठान कराने वाले एक पुरोहित को कथित तौर पर बंधक बनाकर उनके परिजनों से एक लाख रुपये की फिरौती मांगने का मामला सामने आया है. पुलिस ने इस मामले में जौनपुर निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
पुलिस के अनुसार, नोएडा में रहने वाले पुरोहित अनिल तिवारी ने कुछ समय पहले जौनपुर के आशीष और प्रवेश के लिए धार्मिक अनुष्ठान कराया था. आरोप है कि मनोकामना पूरी नहीं होने पर दोनों ने पुरोहित को दोबारा पूजा कराने के बहाने जौनपुर बुलाया. वहां पहुंचने के बाद उन्हें एक कमरे में बंद कर दिया गया.
आरोपियों ने कथित तौर पर पूजा में खर्च हुए पैसे वापस करने की मांग की और ऐसा न करने पर जान से मारने की धमकी दी. इसके बाद उन्होंने पुरोहित के परिजनों से एक लाख रुपये मांगे.
परिजनों ने नोएडा के सेक्टर-113 थाने में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस के मुताबिक, इसके बाद योजना बनाकर पुरोहित के बेटे ने आरोपियों से रकम लेने के लिए नोएडा आने को कहा. आरोपी पुरोहित को साथ लेकर जौनपुर से नोएडा पहुंचे.
रविवार को फिरौती की रकम लेने सर्फाबाद के पास पहुंचे दोनों आरोपियों को पुलिस ने पकड़ लिया. दोनों जौनपुर जिले के सिकरारा थाना क्षेत्र के मशीदा गांव के रहने वाले बताए गए हैं. पुलिस ने उनके पास से तमंचा, कारतूस और चाकू बरामद करने की बात कही है. मामले में आगे की जांच जारी है.
