नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवार रात चलती स्लीपर AC बस में आग लगने से 9 यात्रियों की मौत हो गई. मृतकों में 8 पुरुष और एक महिला शामिल हैं. पुलिस के अनुसार बस में कुल 35 यात्री सवार थे, जिनमें से 20 को बचा लिया गया. कुछ यात्रियों ने खिड़कियां तोड़कर बाहर निकलकर जान बचाई. आग में फंसे लोगों के शव बुरी तरह झुलस गए और उनकी पहचान नहीं हो सकी है.
बस दिल्ली के कश्मीरी गेट से रात करीब 9:30 बजे महोबा के लिए रवाना हुई थी. करीब 11:30 बजे जेवर एयरपोर्ट से लगभग 500 मीटर आगे हादसा हुआ. यात्रियों के मुताबिक, बस में जलने की गंध आने के कुछ देर बाद आग भड़की. एक यात्री सुनील कुमार ने पुलिस को बताया कि ड्राइवर और क्लीनर बस में सिगरेट पी रहे थे. यात्रियों के विरोध के बावजूद दोनों के नहीं रुकने और आग लगने के बाद बस तुरंत न रोकने का आरोप भी लगाया गया है. इन दावों की जांच की जा रही है.
बचाव अभियान और पुलिस कार्रवाई
फायर ऑफिसर के अनुसार पांच दमकल गाड़ियों ने करीब 45 मिनट में आग बुझाई. राहतकर्मियों ने बस का पिछला हिस्सा काटकर अंदर प्रवेश किया और शव बाहर निकाले. बचाव अभियान लगभग दो घंटे चला.
पुलिस ने बताया कि बस मध्य प्रदेश की राज कल्पना ट्रैवल्स की थी और उसके खिलाफ 19 चालान में ₹1.75 लाख का जुर्माना दर्ज था. दो ड्राइवरों पवन और विनोद तथा कंडक्टर योगेश को गिरफ्तार किया गया है. मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार के मुताबिक, शुरुआती जांच में AC में स्पार्क या ब्लास्ट से इंजन में आग लगने की आशंका है.
