नोरा फतेही ने बताया है कि करियर के शुरुआती दौर में पैसों की तंगी के बीच उन्होंने बिग बॉस 9 में हिस्सा लेने का फैसला किया था. ‘अनट्रिगर्ड’ पॉडकास्ट पर बातचीत में नोरा ने कहा कि कई गानों में काम करने के बावजूद उन्हें समय पर भुगतान नहीं मिल रहा था. उनके मुताबिक, प्रोड्यूसर्स ने शायद उनकी एजेंसी को भुगतान किया था, लेकिन उन्हें अपनी रकम का इंतजार करना पड़ रहा था.
नोरा ने बताया कि इसी दौरान उन्हें बिग बॉस में शामिल होने का प्रस्ताव मिला. शुरुआत में उन्होंने इसे ठुकरा दिया, क्योंकि वह रियलिटी शो को अच्छी नजर से नहीं देखती थीं. हालांकि, जब उन्हें शो के लिए मिलने वाली रकम के बारे में बताया गया, तो उन्होंने अपना फैसला बदल लिया.
दिसंबर 2015 में नोरा ने बिग बॉस 9 में वाइल्ड कार्ड कंटेस्टेंट के तौर पर एंट्री की थी. वह जनवरी 2016 में शो से बाहर हो गई थीं. नोरा के अनुसार, उन्होंने इस मौके को अपने करियर के लिए इस्तेमाल करने की योजना बनाई थी.
बिग बॉस के बदले मांगा झलक दिखला जा
नोरा ने कहा कि वह ‘झलक दिखला जा’ में हिस्सा लेना चाहती थीं और यह शो भी उसी चैनल पर प्रसारित होता था. इसलिए उन्होंने प्रस्ताव रखा कि अगर उन्हें झलक दिखला जा में मौका दिया जाए, तो वह बिग बॉस में शामिल हो जाएंगी. उनके मुताबिक, यह शर्त मान ली गई और उन्हें बाद में झलक दिखला जा में भाग लेने का अवसर मिला.
नोरा ने यह भी कहा कि बिग बॉस को वह अब केवल नकारात्मक नजरिए से नहीं देखतीं. उनके मुताबिक, यह ऐसा प्लेटफॉर्म है, जो समझदारी से इस्तेमाल करने पर किसी कलाकार को कम समय में घर-घर तक पहुंचा सकता है.
