उत्तर भारत के 13 राज्यों में 28 और 29 नवंबर को घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है. दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा समेत कई इलाकों में दृश्यता प्रभावित हो सकती है.
जम्मू-कश्मीर में तापमान लगातार गिर रहा है. रिपोर्ट के अनुसार, श्रीनगर में सीजन की सबसे ठंडी रात रही, जबकि कुलगाम में पेड़ों पर बारिश का पानी जम गया. क्षेत्र में तापमान शून्य से नीचे बना हुआ है.
राजस्थान में शीतलहर का अलर्ट
राजस्थान के चार जिलों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है. भारत मौसम विज्ञान विभाग ने राज्य में लगातार दूसरे दिन शीतलहर का अलर्ट जारी किया है. आंध्र प्रदेश और रायलसीमा में तेज हवाएं चलने की संभावना बताई गई है.
दक्षिण भारत में पूर्वी हवाओं के प्रभाव से अगले दो दिनों के दौरान केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भारी बारिश की संभावना है. आंध्र प्रदेश के अल्लूरी सीताराम राजू जिले में तापमान 9.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और घने कोहरे के कारण दृश्यता कम रही.
दिल्ली की हवा खराब श्रेणी में
दिल्ली का 24 घंटे का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स 224 दर्ज हुआ, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है. रिपोर्ट के मुताबिक, 15 नवंबर से दिल्ली की हवा लगातार इसी श्रेणी में बनी हुई है. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के वर्गीकरण में 201 से 300 के बीच AQI को खराब माना जाता है.
