उत्तर भारत के कई हिस्सों में ठंड और घने कोहरे का असर जारी है. जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में इस सीजन की अब तक की सबसे ठंडी रात दर्ज हुई, जहां न्यूनतम तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया.
जम्मू-कश्मीर के शोपियां में न्यूनतम तापमान -3.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो क्षेत्र में सबसे कम रहा. श्रीनगर में भी इस सीजन की सबसे ठंडी रात रही और तापमान -0.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया.
दिल्ली और उत्तर भारत में कोहरे का अलर्ट
दिल्ली में सोमवार इस सीजन का अब तक का सबसे ठंडा दिन रहा. सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 11.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के साथ असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में मंगलवार को घना कोहरा छाए रहने की संभावना है. इन क्षेत्रों में कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है.
दक्षिणी राज्यों में बारिश और तेज हवाएं
आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, तमिलनाडु, पुडुचेरी और केरल में बारिश का येलो अलर्ट है. इन इलाकों में भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है.
मौसम संबंधी जानकारी में वायु गुणवत्ता के लिए कार्बन मोनोऑक्साइड के स्तर को भी दर्शाया गया है. यह गैस पेट्रोल-डीजल और लकड़ी जैसे ईंधन जलने से निकलती है.
