उत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश, बर्फबारी और तापमान में गिरावट से मौसम का मिजाज बदल गया है. हिमाचल प्रदेश के मनाली की ऊंची पहाड़ियों पर बर्फबारी हुई है. बारिश और बर्फबारी के बाद चंबा का अधिकतम तापमान सामान्य से 10.7 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया. प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी अधिकतम तापमान में 5 से 10 डिग्री तक गिरावट आई है. राज्य का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 6.2 डिग्री नीचे रहा.

राजस्थान में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से जयपुर, बीकानेर और चूरू में बारिश के साथ ओले गिरे. श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और बीकानेर में धूलभरी आंधी और घने बादलों के कारण दिन में अंधेरा छा गया. शेखावाटी में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया. मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को मौसम साफ रह सकता है और अगले 2-3 दिनों में तापमान 3-4 डिग्री बढ़ने का अनुमान है.

उत्तराखंड में रेस्क्यू अभियान जारी

उत्तरकाशी के ऊंचाई वाले इलाकों में खराब मौसम के कारण फंसे पर्वतारोहियों, ट्रैकर्स और सपोर्ट स्टाफ को निकालने का अभियान जारी है. 28 सितंबर तक 136 लोगों में से 85 को सुरक्षित निकाला जा चुका था, जबकि 51 लोग अभी फंसे हुए थे. उत्तराखंड में आज कोई मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है, हालांकि उत्तरकाशी और रुद्रप्रयाग समेत पांच जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं.

यूपी में नदियां खतरे के निशान से ऊपर

उत्तर प्रदेश में आठ नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं. कई गांवों और रास्तों में पानी घुस गया है. नेपाल से पानी छोड़े जाने के बाद कुशीनगर में गंडक यानी नारायणी नदी में बाढ़ की स्थिति बनी है. दो गांवों के करीब 1,400 परिवार प्रभावित हुए हैं, जबकि 600 परिवार घर छोड़कर तटबंध पर रह रहे हैं. प्रदेश के 17 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.