उत्तर भारत के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों में मौसम बदलने का अनुमान है. उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में अगले दो दिनों के दौरान बर्फबारी की संभावना जताई गई है. पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम में इस बदलाव का असर मैदानी इलाकों में भी दिखाई दे सकता है.
मध्य प्रदेश में रविवार से ठंड बढ़ने का अनुमान है. अगले पांच दिनों में राज्य के न्यूनतम तापमान में करीब 2 डिग्री की गिरावट हो सकती है.
मौसम विभाग के मुताबिक, 15 नवंबर को उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में घना कोहरा छाने की संभावना है. इससे सुबह के समय दृश्यता काफी कम हो सकती है. यह स्थिति अगले दो दिनों तक बनी रहने का अनुमान है.
इस बीच, बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्वी हिस्से में बना कम दबाव का क्षेत्र अगले 24 घंटे में डिप्रेशन में बदल सकता है. इसके बाद इसके उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ने का अनुमान है. 16 नवंबर की शाम तक इसके चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना जताई गई है. तूफान बनने पर इसका नाम ‘अकवान’ रखा जाएगा. यह नाम ईरान ने सुझाया है.
