उत्तर भारत के कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदल गया है. उत्तराखंड के केदारनाथ में रविवार देर रात बर्फबारी हुई. इससे पहले बद्रीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री में भी बर्फ गिर चुकी है. पहाड़ी इलाकों से आ रही ठंडी हवाओं का असर मैदानी क्षेत्रों में महसूस किया जा रहा है.

उत्तर प्रदेश में सोमवार सुबह लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी और गोरखपुर समेत 21 शहरों में घना कोहरा छाया रहा. देवरिया, बस्ती और फतेहपुर में दृश्यता करीब 20 मीटर तक सीमित होने की बात सामने आई. मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, अगले दो दिनों में राज्य के कई हिस्सों में तापमान 5 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है. नोएडा और गाजियाबाद समेत 10 शहरों में वायु गुणवत्ता सूचकांक 200 से ऊपर दर्ज किया गया.

राजस्थान में पिछले दो दिनों की बारिश के बाद दिन में ठंड बढ़ी है. बीकानेर और जयपुर संभाग के कई जिलों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा. अलवर, सीकर, श्रीगंगानगर, करौली और फतेहपुर में भी दिन सामान्य से अधिक ठंडा रहा. मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में अगले तीन-चार दिन मौसम शुष्क रहने की संभावना है.

मध्य प्रदेश में भी रात और सुबह ठंड तेज हो गई है. इंदौर में न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा और वह राज्य का दूसरा सबसे ठंडा शहर रहा. जबलपुर और उज्जैन समेत 16 शहरों में पारा 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया. राज्य में 20 नवंबर के बाद बारिश की संभावना जताई गई है.

पंजाब और चंडीगढ़ में अगले छह दिन बारिश की संभावना नहीं है. हालांकि, रात और सुबह कुछ जगह हल्की से मध्यम धुंध रह सकती है. हिमाचल प्रदेश में नवंबर के दौरान सामान्य से 70 प्रतिशत कम बारिश दर्ज हुई है और अगले छह दिन बारिश या बर्फबारी के आसार नहीं हैं.