जम्मू-राजौरी राजमार्ग पर नौशेरा के लाम्बेरी इलाके में नियमित वाहन जांच के दौरान सुरक्षा जांच चौकी से कार लेकर फरार होने के मामले में पुलिस ने वाहन मालिक मोहम्मद असलम को गिरफ्तार किया है. अधिकारियों के अनुसार, घटना 27 और 28 अक्टूबर की दरम्यानी रात हुई.
पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान एक कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन लेकर मौके से भाग गया. इस दौरान जांच चौकी का अवरोधक भी क्षतिग्रस्त हो गया.
घटना के बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर वाहन और इसमें शामिल लोगों का पता लगाने के लिए विशेष टीम गठित की. जांच के दौरान कार बरामद कर जब्त कर ली गई. इसके बाद वाहन के मालिक मोहम्मद असलम को गिरफ्तार किया गया.
पुलिस मामले में यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना के समय कार कौन चला रहा था और क्या इसमें अन्य लोग भी शामिल थे. अधिकारियों के मुताबिक, आगे की जांच जारी है.
