नेशनल फार्मास्यूटिकल प्राइसिंग अथॉरिटी (NPPA) ने कैंसर के इलाज में इस्तेमाल होने वाली 543 दवाओं की अधिकतम खुदरा कीमतों (MRP) में संशोधन किया है. इनमें कई दवाओं की कीमतों में 90 प्रतिशत से अधिक की कमी की गई है. संशोधित कीमतें 9 नवंबर से लागू होंगी.

नई कीमतों के अनुसार, ब्रेस्ट कैंसर के कुछ मरीजों को दी जाने वाली पाल्बोसिक्लिब के एक ब्रांड और पैक की कीमत 40,421 रुपये से घटकर 2,720 रुपये हो गई है. कीमोथेरेपी में इस्तेमाल होने वाली थायोटेपा की एक शीशी की कीमत करीब 80,072 रुपये से घटाकर 7,150 रुपये की गई है. डासैटिनिब, लेंवाटिनिब और ओलापैरिब जैसी दवाओं की कीमतों में भी कटौती हुई है.

हालांकि, सभी महंगी कैंसर दवाओं पर इसका असर नहीं पड़ा है. इम्यूनोथेरेपी दवा कीट्रूडा की कीमत 2,16,500 रुपये पर बनी हुई है. इसका इस्तेमाल 21 से ज्यादा प्रकार के कैंसर के इलाज में किया जाता है. ब्रेस्ट कैंसर में इस्तेमाल होने वाली रिबोसाइक्लिब की कीमत 24,435 रुपये पर स्थिर है. टैग्रिसो, टेसेंट्रिक, डार्ज़ालेक्स और इम्फिन्ज़ी की MRP में भी बदलाव नहीं किया गया है.

कुछ दवाओं की कीमतें क्यों नहीं घटीं

ऑल इंडिया ड्रग एक्शन नेटवर्क (AIDAN) से जुड़ीं मालिनी ऐसोला के अनुसार, पेटेंट वाली कुछ दवाओं को उन दवाओं की सूची में शामिल नहीं किया गया है, जो कंपनियों के ‘पेशेंट असिस्टेंस प्रोग्राम’ (PAP) के तहत मुफ्त या भारी छूट पर दी जाती हैं. इन योजनाओं में कंपनियां प्रिस्क्रिप्शन वाली दवाएं कम कीमत या मुफ्त में उपलब्ध कराती हैं.

ऐसोला ने यह भी कहा कि कीमतों में कटौती के बावजूद अस्पतालों और वितरकों के लिए 42.8 प्रतिशत तक का मार्जिन बचा रहता है. उनके अनुसार, मार्जिन कम होता तो मरीजों को और राहत मिल सकती थी.

NPPA ने 137 नॉन-शेड्यूल कैंसर दवाओं के लिए ट्रेड मार्जिन को MRP के 30 प्रतिशत तक सीमित करने का फैसला भी किया है. कैंसर उपचार का कुल खर्च केवल दवाओं तक सीमित नहीं होता; सर्जरी, जांच और अस्पताल में भर्ती का खर्च भी इसमें शामिल रहता है.