महंगी दवाएं बेचने वाली कंपनियों से राष्ट्रीय औषधि मूल्य निर्धारण प्राधिकरण (NPPA) को ₹8,447.4 करोड़ की वसूली अभी बाकी है. प्राधिकरण ने कंपनियों को कुल ₹10,029.8 करोड़ जमा करने का आदेश दिया था, लेकिन अब तक ₹1,582.4 करोड़ ही प्राप्त हुए हैं. इस तरह आदेशित रकम का करीब 84% हिस्सा लंबित है.
लंबित रकम में ₹5,800 करोड़ से अधिक राशि कानूनी विवादों में फंसी हुई है. करीब ₹200 करोड़ की वसूली से जुड़े मामले जिला अधिकारियों को भेजे गए हैं, जबकि ₹2,369.3 करोड़ की वसूली की प्रक्रिया जारी बताई गई है.
NPPA आवश्यक दवाओं की अधिकतम कीमत तय करता है और कीमतों की निगरानी करता है. यदि कोई कंपनी तय सीमा से अधिक कीमत वसूलती है, तो प्राधिकरण अतिरिक्त रकम ब्याज सहित जमा करने का निर्देश दे सकता है. हालांकि, उपलब्ध जानकारी के अनुसार, अधिक कीमत चुकाने वाले मरीजों को सीधे रकम लौटाने की अलग व्यवस्था नहीं है.
ग्रामीण क्षेत्रों में इलाज के कुल खर्च का 19% हिस्सा दवाओं पर खर्च होता है. शहरी चिकित्सा संस्थानों में यह हिस्सा 15% बताया गया है.
अधिक कीमत वसूलने पर शिकायत कैसे करें
उपभोक्ता NPPA की टोल-फ्री हेल्पलाइन 1800-11-1255 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं. ऑनलाइन शिकायत Pharma Sahi Daam ऐप या NPPA की वेबसाइट के ‘Consumer Complaint’ विकल्प के जरिए की जा सकती है. शिकायत के लिए दवा का पक्का बिल, मेडिकल स्टोर का नाम, दवा का विवरण और बिल की फोटो सुरक्षित रखना जरूरी है.
