नेशनल सिक्योरिटी गार्ड (NSG) अपने VIP सुरक्षा दस्ते में तैनात कमांडो के लिए नई यूनिफॉर्म लाने की तैयारी कर रहा है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, प्रस्तावित वर्दी breathable यानी हवा और नमी को बाहर निकालने वाले ‘नायको’ कपड़े से बनाई जाएगी. यह कपड़ा नायलॉन और कॉटन से तैयार होता है.

यह बदलाव अप्रैल 2026 में विजयवाड़ा में हुई एक घटना के बाद प्रस्तावित किया गया. रिपोर्ट के मुताबिक, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू की सुरक्षा में तैनात एक NSG कमांडो करीब 44 डिग्री तापमान में ड्यूटी के दौरान बेहोश हो गया था. कमांडो ने काली ओवरऑल यूनिफॉर्म के ऊपर लगभग 6 किलोग्राम की बुलेटप्रूफ जैकेट पहन रखी थी. उसके पास बेरेट, छोटे हथियार, काला चश्मा और संचार उपकरण भी थे.

घटना के बाद NSG की क्लोज प्रोटेक्शन फोर्स के कमांडरों और मुख्यालय के विशेषज्ञों ने गर्मी में सुरक्षा ड्यूटी के दौरान कमांडो पर पड़ने वाले शारीरिक दबाव की समीक्षा की. रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि काली यूनिफॉर्म अधिक गर्मी सोखती है, जबकि जैकेट और अन्य उपकरणों से परेशानी बढ़ सकती है.

नायको कपड़े का इस्तेमाल CRPF के कोबरा कमांडो की यूनिफॉर्म में भी किया जाता है. रिपोर्ट के अनुसार, नई सामग्री का ट्रायल हो चुका है और NSG इसके अधिग्रहण की प्रक्रिया आगे बढ़ा सकता है. उम्मीद जताई गई है कि पांच राज्यों में विधानसभा चुनावों की घोषणा तक कमांडो नई यूनिफॉर्म पहन सकते हैं.

रिपोर्ट में NSG की Z-plus सुरक्षा प्राप्त नौ VIP का भी उल्लेख है. इनमें चंद्रबाबू नायडू, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मायावती, राजनाथ सिंह, लालकृष्ण आडवाणी, सर्वानंद सोनोवाल, रमन सिंह, गुलाम नबी आजाद और फारूक अब्दुल्ला शामिल बताए गए हैं.