हरियाणा के नूंह में करीब 300 किलो कथित गोमांस बरामदगी के मामले में पुलिस ने सायना उर्फ सन्ना को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, यह मामले में तीसरी गिरफ्तारी है. सायना नूंह के गांव बाई की रहने वाली और साकिर की पत्नी बताई गई हैं. पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है.
मामला 14 अगस्त का है. पुलिस के अनुसार, आकेड़ा थाना क्षेत्र में सीएस स्टाफ को सूचना मिली थी कि गांव बाई के कुछ लोग कथित तौर पर गोवंश वध से जुड़े हैं और मकसूद के मकान से मांस एक शादी में भेजने की तैयारी है. इसके बाद पुलिस टीम ने मकान पर दबिश दी.
पुलिस का कहना है कि कार्रवाई के दौरान वहां पांच पुरुष और पांच महिलाएं मौजूद थीं. टीम के पहुंचते ही सभी भागने लगे. अंधेरे और झाड़ियों का फायदा उठाकर कई लोग फरार हो गए, जबकि सलमान उर्फ पोतू को मौके से पकड़ लिया गया.
तलाशी के दौरान पुलिस ने तीन प्लास्टिक के कट्टों में करीब 300 किलो कथित प्रतिबंधित मांस बरामद करने की बात कही है. इसके अलावा दो कुल्हाड़ी, चार छुरी, एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा, दो लकड़ी के गुटके और एक दाब मिलने का भी दावा किया गया. बरामद सामग्री की पशु चिकित्सक से जांच कराए जाने के बाद मामला दर्ज किया गया.
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, सलमान की गिरफ्तारी 14 अगस्त को और मकान मालिक मकसूद की पत्नी मुनफीदा उर्फ फीदा की गिरफ्तारी 26 अगस्त को हुई थी. अब सायना की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अन्य फरार बताए जा रहे आरोपियों की तलाश कर रही है.
डीएसपी अभिमन्यु के अनुसार, मामले में शामिल सभी लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है. पुलिस अधीक्षक नूंह डॉ. अर्पित जैन ने ऐसे मामलों में कार्रवाई के निर्देश दिए हैं. बरामद मांस की प्रकृति और आरोपियों की अंतिम कानूनी स्थिति जांच तथा न्यायिक प्रक्रिया के बाद स्पष्ट होगी.
