हरियाणा के नूंह क्षेत्र में दिल्ली-वडोदरा एक्सप्रेसवे पर गुरुवार सुबह एक कार के सड़क किनारे खड़ी पर्यटक बस से टकराने के बाद दंपती और उनकी चार साल की बेटी की मौत हो गई. हादसा लोहटकी गांव के पास हुआ.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, टक्कर इतनी तेज थी कि कार का आधे से ज्यादा हिस्सा बस के नीचे घुस गया और उसमें सवार लोग फंस गए. सूचना मिलने के बाद पुलिस, दमकलकर्मी और आपातकालीन दल मौके पर पहुंचे. बचाव अभियान के दौरान कार में सवार दो अन्य बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.

पुलिस के मुताबिक, परिवार बालाजी से लौटकर दिल्ली जा रहा था. कार राजोकरी निवासी टैक्सी चालक बूम प्रसाद चला रहे थे. हादसे में एक महिला, एक बच्ची और एक पुरुष की मौत हुई. पर्यटक बस में उस समय कोई यात्री मौजूद नहीं था.

पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए सोहना के सिविल अस्पताल भेजा है. शुरुआती जांच में कार की तेज रफ्तार की आशंका जताई गई है, हालांकि दुर्घटना की पूरी वजह जांच के बाद स्पष्ट होगी.