हरियाणा के नूंह में रविवार तड़के पुलिस और कथित पशु तस्करों के बीच हुई मुठभेड़ में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल है. पुलिस के अनुसार, घटना सुबह करीब 4:30 बजे हुई. घायल व्यक्ति का अस्पताल में इलाज चल रहा है.

पुलिस के मुताबिक, फिरोजपुर झिरका क्राइम इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (CIA) की टीम सब-इंस्पेक्टर महेंद्र सिंह के नेतृत्व में कार्रवाई कर रही थी. इसी दौरान टीम का कथित पशु तस्करों से सामना हुआ और दोनों पक्षों के बीच गोलीबारी शुरू हो गई.

गोली लगने के बाद तीनों लोगों को नल्हड़ मेडिकल कॉलेज ले जाया गया. डॉक्टरों ने साबिर और गब्बर उर्फ हडिया को मृत घोषित कर दिया, जबकि ताहिर का उपचार जारी है. मृतकों के शव मोर्चरी में रखवाए गए हैं और उनके परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है.

मौके से वाहन और हथियार बरामद

पुलिस ने घटनास्थल से सात गायों से लदी एक पिकअप गाड़ी बरामद करने की बात कही है. इसके अलावा .315 बोर के तीन देसी पिस्तौल, तीन जिंदा कारतूस और पांच खाली कारतूस मिलने की जानकारी दी गई है. वाहन और हथियारों को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है.

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, मामले की मजिस्ट्रेट जांच शुरू कर दी गई है. जांच में मुठभेड़ से जुड़े घटनाक्रम और परिस्थितियों की पड़ताल की जाएगी. आरोपों की पुष्टि जांच के निष्कर्षों और आगे की कानूनी प्रक्रिया से होगी.