हिमाचल प्रदेश के नूरपुर में पुलिस ने चरस तस्करी के आरोपी बलविंदर उर्फ बिल्ला से जुड़ी करीब 3.32 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की है. कार्रवाई में होटल-कम-रेस्तरां, दुकानें, मोटर वाहन और बैंक खातों में जमा रकम शामिल है. पुलिस के अनुसार, इन संपत्तियों का संबंध नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार से होने की आशंका थी.
यह मामला डमटाल थाने में 29 दिसंबर 2025 को NDPS Act की धाराओं 20 और 29 के तहत दर्ज FIR से जुड़ा है. पुलिस ने बताया कि आरोपी को 1.852 किलोग्राम चरस बरामद होने के बाद गिरफ्तार किया गया था. इसके बाद उसकी चल और अचल संपत्तियों की वित्तीय जांच शुरू की गई.
जांच के दौरान संदिग्ध संपत्तियों और खातों को अस्थायी रूप से फ्रीज कर रिपोर्ट नई दिल्ली स्थित सक्षम प्राधिकारी को भेजी गई. 9 सितंबर 2026 के आदेश में 3,32,30,941 रुपये मूल्य की संपत्ति की जब्ती की पुष्टि की गई.
नूरपुर पुलिस के अनुसार, 17 NDPS मामलों में अब तक करीब 29.96 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त या कुर्क की जा चुकी है.
