ओडिशा के बालेश्वर जिले के नीलगिरि कस्बे में बुधवार, 28 अक्टूबर को एक पेट्रोल पंप पर पुराने तेल भंडारण टैंकर में विस्फोट हो गया. हादसे में 62 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल बताए गए हैं.

पुलिस के अनुसार, घटना नीलगिरि के वार्ड नंबर 7 के अंतर्गत बालीगोहिरी स्थित सत्य साईं फिलिंग स्टेशन पर हुई. टैंकर की मरम्मत का काम चल रहा था. इसी दौरान उसमें आग लगी और जोरदार विस्फोट हो गया.

नीलगिरि थाने के प्रभारी निरीक्षक गोवर्धन नायक ने बताया कि मृतक मरम्मत कार्य से जुड़ा हुआ था. वह कुछ देर के लिए बाहर गया था और लौटने के दौरान टैंकर में विस्फोट हुआ. विस्फोट के बाद उड़ा मलबा उसकी चपेट में आ गया.

घायल लोगों और मृतक को नीलगिरि उपमंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने 62 वर्षीय व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया. पुलिस के मुताबिक, धमाका इतना शक्तिशाली था कि पेट्रोल पंप परिसर को नुकसान पहुंचा.

पेट्रोल पंप मालिक समेत चार लोगों को पूछताछ के लिए थाने ले जाया गया है. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले की जांच जारी है और पूछताछ के लिए ले जाए गए लोगों की गिरफ्तारी की पुष्टि अभी नहीं हुई है.