ओडिशा तट से करीब 50 नॉटिकल मील दूर तकनीकी खराबी के बाद संकट में फंसे जहाज एमवी विश्व उदय पर सवार सभी 27 क्रू सदस्यों को सुरक्षित बचा लिया गया. जहाज का प्रोपेलर शाफ्ट खराब होने के बाद उसकी गति और संचालन प्रभावित हो गया था. इसी दौरान इंजन रूम में तेजी से पानी भरने लगा, जिससे जहाज के डूबने का खतरा बढ़ गया था.
घटना की सूचना मिलने के बाद भारतीय तटरक्षक बल और पारादीप पोर्ट अथॉरिटी ने संयुक्त बचाव अभियान शुरू किया. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, शिपिंग कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया ने पारादीप पोर्ट अथॉरिटी से तत्काल मदद मांगी थी. जहाज हल्दिया पोर्ट से पूर्वी अफ्रीका के मोजांबिक जा रहा था.
खराब मौसम के बीच चलाया गया अभियान
भारतीय तटरक्षक बल के मुताबिक, 15 और 16 नवंबर की दरमियानी रात अभियान शुरू किया गया. इसके लिए आईसीजीएस अमूल्य और आईसीजीएस विजया को तैनात किया गया. समुद्र की खराब स्थिति के बावजूद तटरक्षक बल की विशेष टीम जहाज तक पहुंची और इंजन रूम से पानी निकालने के लिए पंप लगाए. टीम ने पानी घुसने की रफ्तार को नियंत्रित करने में सफलता हासिल की.
बचाव दल और पोर्ट अथॉरिटी की संयुक्त कोशिशों से जहाज को खींचकर पारादीप बंदरगाह की बाहरी सीमा के पास लाया गया. मंगलवार सुबह जहाज को वहां लंगर डालकर रोक दिया गया. समय पर की गई कार्रवाई से जहाज पर मौजूद सभी 27 लोगों की जान बच गई और संभावित बड़े समुद्री हादसे को टाल दिया गया.
