भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार 10 सितंबर, गुरुवार को पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है. ओडिशा में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश और अलग-अलग इलाकों में अत्यंत भारी बारिश की संभावना जताई गई है.

मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर बंगाल की खाड़ी और उससे सटे बांग्लादेश के तट पर बना ऊपरी वायु चक्रवाती परिसंचरण अब भी सक्रिय है. यह समुद्र तल से करीब 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है. इसके प्रभाव से 10 सितंबर को उत्तर बंगाल की खाड़ी और आसपास के क्षेत्रों में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है.

इन राज्यों में भी भारी बारिश का अनुमान

आईएमडी ने असम, मेघालय, बिहार, छत्तीसगढ़, गंगीय पश्चिम बंगाल, झारखंड, केरल और माहे, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा तथा उत्तराखंड में भी अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है.

ओडिशा में 13 सितंबर तक कई हिस्सों में बारिश जारी रहने की संभावना है. गंगीय पश्चिम बंगाल और झारखंड में भी अगले कुछ दिनों तक मौसम के गीला रहने का अनुमान है.

गरज-चमक के साथ तेज हवाएं

बारिश के साथ कई राज्यों में आंधी, बिजली चमकने और तेज हवाओं की स्थिति बन सकती है. आंध्र प्रदेश, गंगीय पश्चिम बंगाल, ओडिशा तथा तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में अलग-अलग स्थानों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. इनके झोंकों की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है.

बिहार, झारखंड, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम तथा तेलंगाना में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली हवाओं के साथ गरज-चमक हो सकती है. पूर्वी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, उत्तराखंड और पूर्वोत्तर के कुछ हिस्सों में बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है.

बंगाल की खाड़ी का सिस्टम अहम

आईएमडी के अनुसार, मानसून की द्रोणिका जम्मू से लेकर देहरादून, पंतनगर, बस्ती, छपरा, पुरुलिया और दीघा होते हुए पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है. इसके अलावा रेयासीमा से तमिलनाडु होते हुए मन्नार की खाड़ी तक एक अन्य द्रोणिका सक्रिय है.

बंगाल की खाड़ी में बनने वाला संभावित कम दबाव का क्षेत्र और ये दोनों मौसमी प्रणालियां पूर्वी भारत के कई हिस्सों में बारिश को बढ़ावा दे रही हैं. प्रभावित इलाकों में लोगों को बिजली चमकने और तेज हवाओं के दौरान खुले स्थानों से बचने की सलाह दी जाती है.