ओडिशा के कंधमाल जिले में चक्रवात अर्नब के प्रभाव से हुई भारी बारिश के बाद शुक्रवार को भूस्खलन में एक परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई. मृतकों में नौ महीने का बच्चा भी शामिल है. घटना रायकीया ब्लॉक के डांगेसी गांव में हुई.
मृतकों की पहचान 30 वर्षीय अच्युत प्रधान, उनकी 25 वर्षीय पत्नी अनीशा प्रधान और उनके नौ महीने के बेटे के रूप में हुई है. अधिकारियों के मुताबिक, पहाड़ी का एक हिस्सा खिसककर उनके घर पर आ गिरा, जिससे तीनों मलबे में दब गए.
दमकल और ओडिशा डिजास्टर रैपिड एक्शन फोर्स की टीम ने घटनास्थल से दो लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला. जिला प्रशासन ने राहत और बचाव दलों को मलबा हटाने तथा प्रभावित क्षेत्र की निगरानी में लगाया है.
राज्य के पंचायती राज मंत्री रबी नारायण नायक ने घटना की जानकारी दी. मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने शोक जताते हुए मृतकों के निकटतम परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से ₹4 लाख प्रति व्यक्ति सहायता देने की घोषणा की है. प्रशासन के अनुसार, क्षेत्र के करीब 450 लोगों को निकालकर राहत शिविर में रखा गया है.
