ओडिशा के पाइकमाल क्षेत्र में स्टेट हाईवे पर लूटपाट की कोशिश कर रहे दो हथियारबंद बदमाशों का सामना एक वकील से हो गया. वकील ने सूझबूझ और मार्शल आर्ट्स के अपने अनुभव का इस्तेमाल करते हुए एक आरोपी को पकड़ लिया, जबकि दूसरा मौके से भाग निकला. पुलिस ने पकड़े गए आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
घटना 30 सितंबर की रात करीब साढ़े नौ बजे की बताई गई है. नुआपड़ा निवासी 55 वर्षीय वकील अमिताभ बोस अपनी पत्नी के साथ बरगढ़ से घर लौट रहे थे. पाइकमाल से करीब पांच किलोमीटर दूर मां तारिणी मंदिर के आगे बदमाशों ने अंधेरी सड़क पर पेड़ की डालियां गिराकर रास्ता रोक दिया था. इसके बाद दो नकाबपोश लोग उनकी कार के पास पहुंचे. उनमें से एक के हाथ में तलवार थी.
स्थिति भांपते हुए बोस ने कार की खिड़की थोड़ी खोलकर बदमाशों से बातचीत शुरू की. स्रोत के अनुसार, बदमाशों ने उनसे गहने, नकदी और अन्य सामान देने को कहा. बोस ने बातचीत जारी रखकर उन्हें कुछ देर उलझाए रखा और कार से बाहर निकलकर उन्हें हेडलाइट की रोशनी की ओर ले गए.
इसके बाद उन्होंने मार्शल आर्ट्स में सीखे दांव का इस्तेमाल करते हुए एक बदमाश को गिराकर दबोच लिया. दूसरा आरोपी वहां से भाग गया. बोस की पत्नी ने दूसरी गाड़ियों को रोककर मदद मांगी और पुलिस को सूचना दी. करीब दस मिनट में पाइकमाल पुलिस की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची.
पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपी की पहचान करीब 28 वर्षीय सुभाष चिंदा, निवासी मागुरमाल, के रूप में हुई है. अमिताभ बोस की लिखित शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच की जा रही है.
