ओडिशा सरकार ने पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक, सेवानिवृत्त IAS अधिकारी वीके पांडियन और IPS अधिकारी रवि कांत की विदेश यात्राओं की जांच के आदेश दिए हैं. यह जांच वित्तीय वर्ष 2022-23 और 2023-24 के दौरान हुई यात्राओं से जुड़े खर्च और सरकारी रिकॉर्ड की समीक्षा करेगी.
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के निर्देश पर सामान्य प्रशासन विभाग के प्रधान सचिव जांच करेंगे. मुख्यमंत्री कार्यालय के बयान के अनुसार, सामाजिक कार्यकर्ताओं ने विभिन्न RTI आवेदनों से मिली जानकारी के आधार पर इन यात्राओं के खर्च पर सवाल उठाए थे.
आरोपों में जापान और इटली की यात्राओं से जुड़े खर्च का विवरण संदिग्ध, अपारदर्शी और अधूरा होने की बात कही गई है. यह भी आरोप लगाया गया कि यात्राओं से संबंधित कुछ जानकारी जानबूझकर गोपनीय रखी गई, जिसके कारण उपलब्ध रिकॉर्ड में असंगतियां हैं.
जून 2022 में पटनायक इटली गए थे, जबकि अप्रैल 2023 में उन्होंने जापान की यात्रा की थी. इन यात्राओं का आधिकारिक उद्देश्य क्रमशः खाद्य सुरक्षा, आपदा प्रबंधन, निवेश और व्यापारिक संबंधों से जुड़ा बताया गया था. जांच के बाद ही खर्च और रिकॉर्ड से संबंधित आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी.
