ओडिशा में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अंतिम सूची प्रकाशित कर दी गई है. मुख्य निर्वाचन अधिकारी आरएस गोपालन के अनुसार, राज्य में अब कुल 3,16,32,754 मतदाता दर्ज हैं. इनमें करीब 1.61 करोड़ पुरुष मतदाता और 2,774 थर्ड-जेंडर मतदाता शामिल हैं.
SIR से पहले ओडिशा में लगभग 3.34 करोड़ मतदाता थे. 5 जुलाई को जारी मसौदा सूची में यह संख्या घटकर 3.13 करोड़ रह गई थी. मसौदा सूची तैयार करते समय 20,12,557 ऐसे नाम शामिल नहीं किए गए, जिनके Enumeration Forms वापस प्राप्त नहीं हुए थे.
अधिकारियों के मुताबिक, मसौदा सूची पर दावों, आपत्तियों और अन्य आवेदनों की जांच के बाद 2,90,497 मतदाताओं के नाम जोड़े गए. वहीं, 44,777 नाम अंतिम प्रक्रिया में हटाए गए. इस तरह अंतिम सूची में मतदाताओं की संख्या मसौदा सूची की तुलना में बढ़ी है.
अधिकारियों ने कहा कि SIR के दौरान की गई नाम हटाने की कार्रवाई सत्यापन के आधार पर की गई. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मसौदा सूची से बाहर किए गए नामों में 8.32 लाख मृत मतदाता और बड़ी संख्या में स्थायी रूप से स्थानांतरित या अनुपस्थित मतदाता शामिल थे.
