ओडिशा के कंधमाल जिले में भूस्खलन के बाद 15 दिन से लापता चल रहे 47 वर्षीय शिक्षक मोहन कुमार महाराणा जंगल की एक गहरी खाई में जीवित मिले. उन्हें 14 नवंबर को एक बकरी चराने वाले युवक ने खोजा. युवक ने खाई से आती बेहद धीमी आवाज सुनी और उसका पीछा करते हुए महाराणा तक पहुंचा.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, महाराणा डांगेसी गांव के पास स्थित जंगल से लौटते समय 29 अक्टूबर को भूस्खलन की चपेट में आ गए थे. वह कंधमाल जिले के डुबा इलाके के सरसपेटा प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक हैं. पहाड़ी का एक हिस्सा खिसकने के दौरान वह फिसलकर गहरी खाई में जा गिरे और वहां से बाहर नहीं निकल सके. भारी बारिश, घना जंगल, कठिन पहाड़ी रास्ते और कमजोर मोबाइल नेटवर्क के कारण उनका पता लगाना मुश्किल रहा.

बारिश का पानी और जंगल की खाद्य चीजों से गुजारा

परिजनों के मुताबिक, खाई में फंसे रहने के दौरान महाराणा ने गंदा बारिश का पानी और आसपास की धाराओं का पानी पीकर गुजारा किया. उन्होंने जंगल में मिलने वाली खाने योग्य चीजें भी खाईं. कई दिनों तक पर्याप्त भोजन नहीं मिलने और लगातार कमजोरी बढ़ने के कारण वह खाई से बाहर निकलने की कोशिश करने की स्थिति में नहीं रहे.

परिवार ने उनकी तलाश जारी रखी थी. 5 नवंबर को रिश्तेदारों ने रायकिया थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई. उनकी पत्नी ने बताया कि परिवार ने मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन इलाके में नेटवर्क की समस्या थी और बारिश के कारण फोन की बैटरी भी खत्म हो चुकी हो सकती थी.

चादर और लकड़ी से बनाई अस्थायी स्ट्रेचर

बकरी चराने वाले ने महाराणा को खाई के भीतर एक चट्टान पर बेहद कमजोर हालत में पाया. उसने तुरंत ग्रामीणों और पुलिस को सूचना दी. पुलिस के अनुसार, बचाव दल को घने जंगल और दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र से करीब 7-8 किलोमीटर पैदल चलकर मौके तक पहुंचना पड़ा.

टीम ने लकड़ी के डंडे और चादर की मदद से अस्थायी स्ट्रेचर बनाया और महाराणा को बाहर निकाला. उन्हें रायका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया. डॉक्टरों ने लंबे समय तक भूखे रहने और शारीरिक थकावट के कारण उनकी हालत कमजोर बताई. उनके शरीर पर कट और अन्य चोटें भी थीं. परिवार ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें फूलबानी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाने की मांग की.